बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान भले ही इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के प्रमोशन को लेकर खासे व्यस्त हों, मगर उनकी यह फिल्म ईद पर रिलीज से पहले ही विवादों में फंसती नजर आ रही है। विवाद की वजह इस फिल्म में इस्तेमाल की गई एक कव्वाली ‘भर दो झोली’ है।
आरोप है कि इस लोकप्रिय कव्वाली का इस्तेमाल बगैर किसी इजाजत के फिल्म में किया गया है। कव्वाली के कॉपीराइट होल्डर्स ईएमआई पाकिस्तान ने इस बारे में एक कानूनी नोटिस भी जारी किया है।
उसमें कहा गया है कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी किए बगैर इस गाने का इस्तेमाल करने पर इस फिल्म को प्रतिबंधित किया जाए। ‘भर दो झोली कलाम’ मूल रूप से पूरनम अल्लाहाबादी ने लिखा था, जिसे पहली बार दिवंगत साबरी ब्रदर्स हाजी गुलाम फरीद साबरी और हाजी मकबूल साबरी ने गाया था।
फिल्म में सलमान के अलावा करीना कपूर खान और नवाजुद्दीन सिद्दिकी अहम भूमिकाओं में हैं।