कई फिल्मों में छोटी-छोटी भूमिकाएं निभाने के बाद इस अभिनेत्री को एक बड़ी फिल्म मिल गई है।
बंद दरवाजे आखिर खुलते ही हैं। नौटंकी साला, ये जवानी है दीवानी, इसक, यारियां और मैं तेरा हीरो जैसी फिल्मों में सहायक अभिनेत्री की भूमिकाएं निभाने के बाद खूबसूरत एवलिन शर्मा को आखिरकार पहली सोलो फिल्म मिल गई है। निर्देशक हैदराबाद हसनैनवाला की फिल्म ‘डंक’ में एवलीन मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी।
भारतीय-जर्मन मूल की यह अभिनेत्री अपनी सभी फिल्मों में दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रही थी, इसी का नतीजा है कि उन्हें अब मुख्य नायिका के रूप में काम करने का मौका मिल रहा है।
‘डंक’ एक क्राइम थ्रिलर है। जिसकी शूटिंग इसी साल शुरू होने जा रही है। यह पहला मौका होगा जब एवलिन किसी रोमांटिक फिल्म से इतर दिखाई देंगी। वह इस फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित हैं।
एवलिन के अनुसार, ‘बीते दो साल में मुझे बॉलीवुड में जो पहचान मिली है, उससे मैं खुश और संतुष्ट हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि ‘डंक’ से मेरे लिए नए दरवाजे खुलेंगे। मैं पूरा प्रयास करूंगी कि दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर सकूं।’ निश्चित ही दर्शकों को भी एवलिन की फिल्म का इंतजार होगा।