प्रवर्तन निदेशालय ने रोज वैली घोटाला मामले में अभिनेता और प्रोड्यूसर प्रोसेनजीत चटर्जी को तलब किया है। उन्हें 19 जुलाई को ईडी के सामने पेश होना है।
प्रोसेनजीत बंगाली के मशहूर एक्टर हैं। इसके अलावा उन्होंने बॉलीवुड की 'ट्रैफिक' और 'शंघाई' में भी काम किया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक रोज वैली ने 2010-12 के बीच कई बंगाली फिल्मों का प्रोडक्शन किया है। एक फिल्म का प्रोडक्शन चिटफंड कंपनी हैंगओवर ने किया जिसमें प्रोसेनजीत हीरो थे।
एजेंसी द्वारा की गई जांच में पता चला कि रोज वैली ने कागजों पर फिल्म के निर्माण लागत का अंदाजा लगाया और फिल्म की फंडिंग के लिए जमाकर्ताओं के पैसे का इस्तेमाल किया। इसी मामले में अभिनेता से पूछताछ की जानी है।
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता मदन मित्रा से ईडी ने पूछताछ की थी। ईडी के अनुमान के मुताबिक, रोज वैली घोटाला सारदा पोंजी घोटाले का कम से कम पांच गुना अधिक है। एजेंसी ने उसके अध्यक्ष गौतम कुंडू को गिरफ्तार किया था और होटलों तथा रिसॉर्ट समेत उनकी 2,300 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी।
क्या है रोज वैली चिटफंड घोटाला
रोज वैली चिटफंड घोटाले में रोज वैली ग्रुप ने लाखों निवेशकों से दशकों तक हजारों करोड़ रुपये वसूले और बदले में उन्हें बड़ी रकम की वापसी का वादा किया गया लेकिन जब धन लौटाने की बारी आई तो भुगतान में खामियां होने लगी। रोज वैली के बारे में कहा जाता है कि इसने जमाकर्ताओं से करीब 15000 करोड़ रुपये जमा किये थे।