पिछले दिनों अक्षय खन्ना और फिल्म ‘दृश्यम’ के मेकर्स के बीच विवाद चर्चा में रहा। दरअसल, फिल्म की शूटिंग शुरू होने से चंद दिन पहले ही अक्षय खन्ना ने यह फिल्म छोड़ दी। इस बीच खबर आई की फिल्म में अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत नजर आएंगे। अब इन बातों पर ‘दृश्यम 3’ के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने पूरी तस्वीर साफ कर दी है।
जयदीप की 'दृश्यम 3' में एंट्री पर क्या बोले डायरेक्टर
हाल ही में ‘दृश्यम 3’ के डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने बॉम्बे टाइम्स से बातचीत की। वह कहते हैं, ‘जयदीप अक्षय खन्ना को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं। मैं एक नया किरदार लिख रहा हूं।’ वहीं ‘ई टाइम्स’ से की गई बातचीत में वह अक्षय खन्ना को लेकर विस्तार से बात करते हैं। अभिषेक कहते हैं, ‘अजय देवगन ने यह मामला पूरी तरह से मुझ पर छोड़ दिया है। यह मेरे, अक्षय और प्रोडक्शन के बीच का मसला है। यह सब नवंबर में कॉन्ट्रैक्ट साइन होने के बाद हुआ। अक्षय खन्ना ने फिल्म फ्लोर पर जाने से पांच दिन पहले छोड़ दी। लुक फाइनल हो गया था, कॉस्ट्यूम बन रहे थे, नरेशन हो चुका था और उन्हें कहानी बहुत पसंद आई थी।’
ये खबर भी पढ़ें: वीकएंड पर ‘धुरंधर’ पर बरसे नोट, 700 करोड़ क्लब में शामिल; जानें फिल्म ने चौबीसवें दिन किया कितना कलेक्शन
अक्षय खन्ना ने क्यों छोड़ी फिल्म?
डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने बताया कि अक्षय खन्ना ने फिल्म ‘धुरंधर’ की रिलीज के एक दिन पहले उनकी फिल्म छोड़ी। दरअसल, वह विग पहनने पर जोर दे रहे थे। जबकि अभिषेक ने समझाया कि ‘दृश्यम 3’ के तीसरे पार्ट में उनका किरदार विग नहीं पहन सकता है। पहले तो अक्षय खन्ना इस बात के लिए मान गए, फिर कुछ दिनों बाद वही मांग दोबारा करने लगे। बाद में अक्षय ने फिल्म ही छोड़ दी। डायरेक्टर ने यह भी बताया कि अक्षय खन्ना ने फिल्म के लिए 21 करोड़ रुपये नहीं मांगे थे।
डायरेक्टर ने अक्षय खन्ना को किया चैलेंज
डायरेक्टर अभिषेक ने ‘ई टाइम्स’ से की गई बातचीत में ही कहा, ‘अक्षय खन्ना को मैं शुभकामनाएं देता हूं। साथ ही कहूंगा कि अब एक सोलो फिल्म करने की कोशिश करें। जब उनके पास कोई जवाब नहीं होता, तो उन्हें नहीं पता होता कि क्या कहना है। यह बहुत बेवकूफी वाली बात है, क्योंकि हम एक-दूसरे को बहुत लंबे समय से जानते हैं। मैंने उनसे सुलह की कोशिश बंद कर दी है। ऐसे इंसान से बात करने का कोई मतलब नहीं है, जो किसी और ही दुनिया में है’