अभिनय से दूर होकर पूरी तरह राजनेता बन चुकीं अभिनेत्री हेमा मालिनी एक बार फिर से गायिका बनने की तैयारी में हैं। उन्होंने आने वाली दुर्गा पूजा के लिए इस साल दो गीत गाए हैं जिन्हें वह अपने प्रशंसकों के लिए जल्द ही पेश करेंगी। हालांकि, उससे पहले हेमा चाहती हैं कि उनके इन गीतों को पहले महान गायिका लता मंगेशकर सुन लें और इसके बारे में अपनी राय दे दें। उसके बाद ही वह आपने इन गीतों को आगे कहीं बढ़ा सकती हैं।
हेमा गीत तो इससे पहले भी गा चुकी हैं लेकिन इस बार उन्होंने ये गीत अपनी संतुष्टि के लिए गए हैं और वह इससे संतुष्ट भी हैं। अपनी खुशी जाहिर करते हुए हेमा कहती हैं, 'मैंने गीत पहले भी गाए हैं। इससे पहले मैं कई धार्मिक गीत गा चुकी हूं। लेकिन, इस बार मुझे लगता है कि मैं अपने गाने से संतुष्ट हूं। इससे पहले मुझे ठीक से संतुष्टि नहीं मिली। इन गीतों को संगीत अंजली दयाल ने दिया है। मुझे लगता है कि इस बार मैंने पहले से बहुत बेहतर गाया है। लेकिन, मुझे पूरी तरह से संतुष्ट तब ही मिलेगी जब लता मंगेशकर जी एक बार इन गीतों को सुन लें और इन पर अपनी मुहर लगा दें।'
हेमा को पेशेवर तरीके से पहली बार वर्ष 1974 में आई फिल्म 'हाथ की सफाई' में गाने का मौका मिला। इस फिल्म में उन्होंने 'पीने वालों को पीने का बहाना' गीत गाया है जिसे कल्याणजी-आनंदजी ने संगीत दिया। यह गीत बहुत बड़ा हिट साबित हुआ। इसके बाद हेमा को कई और फिल्मों में भी गीत गाने के लिए कहा गया। कई निर्माता और निर्देशक चाहते थे कि हेमा अपने गीत खुद ही गाएं। हालांकि, इस बारे में हेमा का मानना है कि उनके पास तो लता मंगेशकर थीं जो उनके लिए गाना गाती थीं।