Don't Be Shy Trailer: आलिया भट्ट के प्रोडक्शन हाउस के तहत बनी पहली फिल्म 'डोंट बी शाई' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। जानिए ट्रेलर में क्या खास है और अलिया भट्ट ने इसे लेकर क्या कहा है?
श्रीति मुखर्जी की अपकमिंग फिल्म 'डोंट बी शाई' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह यंग-एडल्ट रोमांटिक कॉमेडी फिल्म आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट के प्रोडक्शन हाउस 'इटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस' के बैनर तले बनी है। आइए जानते हैं ट्रेलर में क्या खास है?
विज्ञापन
डोंट बी शाई
- फोटो : यूट्यूब
ट्रेलर में क्या है?
'डोंट बी शाई' का 2 मिनट 32 सेकंड का ट्रेलर हमें श्यामिली 'शाई' दास (आरुषि बजाज) से मिलवाता है। भले ही उसने अपनी जिंदगी के लिए सब कुछ प्लान कर रखा हो, लेकिन जल्द ही चीजें बिगड़ने लगती हैं। वह अमीर मयंक (पीयूष खाटी) और अपने बचपन के दोस्त ध्रुव (अंश दुग्गल) के लिए अपनी रोमांटिक भावनाओं के बीच फंसी हुई पाती है। कॉलेज में तारा (बियांका अरोड़ा) के अचानक आने से चीजें और भी उलझ जाती हैं। शाई को जल्द ही एहसास होता है कि अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने का उसका सोच-समझकर बनाया गया प्लान काम नहीं कर रहा है।
डोंट बी शाई
- फोटो : यूट्यूब
आलिया ने शेयर किया वीडियो
आलिया भट्ट ने 'डोंट बी शाई' का ट्रेलर अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा 'पहला प्यार, सबसे अच्छे दोस्त, दिल टूटना, गलत फैसले। इसमें वो सब कुछ है जो बड़े होने के सफर का हिस्सा है।'
डोंट बी शाई
- फोटो : यूट्यूब
फिल्म को लेकर उत्साहित श्रीति
श्रीति ने एक बयान में कहा, ''डोंट बी शाई' उन फिल्मों की यादों से बनी है, जो मैंने बड़े होते हुए देखी थीं। ऐसी फिल्में जिन्हें मैं आज भी तब देखती हूं जब मुझे सुरक्षित, सुकून भरा महसूस करना होता है। यह हमारी जिंदगी के उस दौर को मेरा ट्रिब्यूट है, जब हम बड़े होने की दहलीज पर होते हैं लेकिन कई मायनों में अभी भी बच्चे ही होते हैं। यह इस एहसास के बारे में है कि जिंदगी चाहे कितनी भी अजीब या बेकाबू क्यों न हो जाए, हम हमेशा खुद में वापस लौट सकते हैं।'
डोंट बी शाई
- फोटो : यूट्यूब
फिल्म को लेकर क्या बोलीं आरुषि?
आरुषि ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, 'अपने असल व्यक्तित्व से बिल्कुल अलग किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण और रोमांचक दोनों था। 'शाई' का किरदार निभाने से मैं अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकल पाई। 'शाई' का रोल निभाने के साथ जिम्मेदारी का एहसास भी जुड़ा था। मैं उसे अपना सब कुछ देना चाहती थी और उसके सफर के साथ न्याय करना चाहती थी। मैं दर्शकों के उससे मिलने और उसकी नजर से दुनिया को देखने का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं।'