मेकर्स ने दिखाया है बाहर का रास्ता!
फरहान अख्तर की फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर पहले कहा जा रहा था कि इस बार शाहरुख खान की जगह रणवीर सिंह डॉन का किरदार निभाएंगे। मगर, बीते दिनों खबरें आईं कि रणवीर सिंह ने फिल्म 'डॉन' 3 छोड़ दी है। अब रणवीर के फिल्म छोड़ने की अफवाहों के विपरीत कहा जा रहा है कि खुद मेकर्स ने उन्हें फिल्म से निकाल दिया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक सूत्र ने यह जानकारी दी है कि निर्माताओं ने एक्टर को फिल्म से हटा दिया है। सूत्रों के मुताबिक रणवीर सिंह की कुछ शर्तों की वजह से ऐसा किया गया है। सूत्रों ने रणवीर सिंह के खुद फिल्म छोड़ने की बात को गलत बताया है।
अफवाहों से अलग है सच्चाई
कुछ सूत्रों ने साफ किया कि फिल्म 'डॉन 3' में रणवीर सिंह को लेकर जो बातें चल रही हैं, हकीकत उससे अलग है। सूत्र ने कहा, 'रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' नहीं छोड़ी है, जैसा कि अफवाहें फैल रही हैं। असल में कहानी बिल्कुल अलग है। शुरुआत में, रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने उन्हें 'डॉन 3' ऑफर की थी, जब उन्होंने तीन बड़ी फ्लॉप फिल्में दी थीं। संजय लीला भंसाली के 'बैजू बावरा' को बंद करने के बाद भी वे उनके साथ खड़े रहे।
'किसी भी एक्टर के लिए ड्रीम रोल है यह'
सूत्र ने आगे कहा कि 'डॉन 3' हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली फ्रेंचाइजी में से एक है। रणवीर न सिर्फ शाहरुख खान, बल्कि अमिताभ बच्चन जैसे दिग्गज एक्टर की जगह ले रहे थे। यह किसी भी एक्टर के लिए एक ड्रीम रोल है। फरहान अख्तर एकमात्र फिल्ममेकर थे, जिन्होंने रणवीर पर तब भरोसा किया, जब दूसरे पीछे हट गए थे। यह उस समय की बात है जब 'धुरंधर' रिलीज भी नहीं हुई थी।
आगामी फिल्मों को लेकर सेलेक्टिव हो गए हैं रणवीर
'डॉन 3' को लेकर यह अपडेट तब आया है, जब रणवीर 'धुरंधर' जबर्दस्त सफलता के बाद अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर ज्यादा सेलेक्टिव हो गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे फिल्ममेकर्स के साथ काम करना चाहते हैं, जबकि लगातार गैंगस्टर रोल करने से बच रहे हैं। सूत्रों ने यह भी कहा कि रणवीर ने फिल्म 'डॉन 3' नहीं छोड़ी है। उनका फिल्म से बाहर होना मेकर्स के साथ शतों को लेकर हुए मतभेदों का नतीजा है, न कि कोई अपनी मर्जी से लिया गया फैसला।