भूमि पेडनेकर हिंदी फिल्म जगत की उन युवा अभिनेत्रियों में शुमार हैं जिन्होंने कुछ ही समय में सिनेमा जगत में अपनी एक खास पहचान बना ली है। वह लगातार अपने दमदार किरदार से दर्शकों की प्रशंसा पाने में कामयाब रही हैं। भूमि ने साल 2015 में फिल्म दम लगा के हईशा से फिल्म जगत में डेब्यू किया था। इसके बाद अभिनेत्री टॉयलेट एक प्रेम कथा और शुभ मंगल सावधान जैसी हिट फिल्मों में भी नजर आईं। अपनी बेहतरीन अदाकारी के चलते भूमि को कई पुरस्कार मिल चुके हैं। वहीं अब भूमि के खाते में एक अंतराष्ट्रीय कामयाबी भी जुड़ गई है।
दरअसल एशिया के प्रतिष्ठित फिल्म समारोह 'बुसान अंतराष्ट्रीय फिल्म समारोह' में भूमि की आने वाली फिल्म डॉली किट्टी और वो चमकते सितारे की स्क्रीनिंग रखी गई। दुनिया भर से आए समीक्षकों और दर्शकों ने इस फिल्म की जमकर तारीफ की और फिल्म खत्म होेने के बाद खड़े होकर भूमि के अभिनय के लिए देर तक तालियां बजाईं।