बॉलीवुड की टॉप अभिनेत्रियों में शुमार दीपिका पादुकोण की नजर में ‘मी टू’ अभियान स्त्री और पुरुष के बीच की जंग नहीं है। अभिनेत्री की मानें तो यह लैंगिकता से हटकर गलत पर सही की जीत के बारे में है।
दीपिका ने कहा, ‘मेरे लिए मी टू अभियान स्त्री या पुरुष के बारे में नहीं है। यह गलत पर सही की जीत के बारे में है। मेरा मानना है कि हमें इंसान के तौर पर किसी भी तरह के भेदभाव या उत्पीड़न का सामना करने वाले हर व्यक्ति का समर्थन करना चाहिए।’ उन्होंने यह भी जोड़ा कि हमें इस अभियान को मुश्किल नहीं बनाना चाहिए।
फिल्म पद्मावत, बाजीराव मस्तानी में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुकीं दीपिका अब जल्द ही एक एसिड अटैक पीड़ित लक्ष्मी का रोल निभाने वाली हैं। बताते चलें कि मोस्ट फैशनेबल डीवा की फेहरिस्त में भी दीपिका का नाम सबसे ऊपर है। उनका स्टाइलिश अंदाज और ड्रेसिंग सेंस हमेशा से लाइमलाइट में रहा है। रेड कार्पेट से लेकर एयरपोर्ट तक उनका लुक और स्टाइल बहुत अनोखा होता है।