क्या है फिल्म की कहानी
'डोसा किंग' जीवज्योति संतकुमार की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने दुनिया के सबसे बड़े साउथ इंडिया रेस्टोरेंट के मालिक पी राजगोपाल के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी थी। जीवज्योति, पी राजगोपाल के एक कर्मचारी की पत्नी थी और पी राजगोपाल एक समय पर जीवज्योति संतकुमार से शादी करना चाहते थे। हालांकि, जीवज्योति ने पी राजगोपाल से शादी करने के लिए मना कर दिया था। इसके बाद रेस्टोरेंट के मालिक ने जीवज्योति को अपने ही पति की हत्या के केस में फंसा दिया था। जीवज्योति ने खुद को बेकसूर साबित करने के लिए 18 साल लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी थी। सुप्रीम कोर्ट ने जीवज्योति को बरी करते हुए पी राजगोपाल को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। हालांकि, सजा के कुछ समय बाद ही पी राजगोपाल की हार्ट अटैक से जुलाई 2019 में मौत हो गई।
फिल्म पर बोले टीजे ज्ञानवेल
फिल्म के बारे में टीजे ज्ञानवेल ने कहा, 'जब मैं पत्रकार हुआ करता था उस दौरान मैंने इस मामले को बहुत ही बारीकी से देखा है। मैं स्क्रीन पर जीवज्योति की कानूनी लड़ाई के जरिए नए आयाम लाने की उम्मीद करता हूं। आज, इस परियोजना का निर्देशन करना और इसके किरदारों पर काम करना वास्तविक लगता है। मैं जंगली पिक्चर्स के साथ इस सफर की शुरुआत करने के लिए उत्साहित हूं, जो कंटेंपरेरी इंडियन सिनेमा में कुछ सबसे प्रतिष्ठित फिल्मों को बनाने के लिए जाने जाते हैं।'