निर्देशक प्रशांत नील अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘सलार 1 सीजफायर’ की सफलता का आनंद ले रहे हैं। उनकी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रोज नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। बॉक्स ऑफिस पर प्रभास की 'सलार' की शाहरुख खान की फिल्म 'डंकी' से टक्कर हुई। दोनों फिल्में रिलीज के एक हफ्ते बाद भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए हैं और जमकर कलेक्शन कर रही हैं। इस बीच अब 'सलार' के निर्देशक प्रशांत नील ने दोनों फिल्मों के टकराव पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। निर्देशक ने कहा कि 'सलार' और 'डंकी' के बीच कोई युद्ध नहीं है।
'सलार' और 'डंकी' के बीच नहीं है कोई टकराव
प्रशांत नील ने 'सलार' और 'डंकी' के टकराव पर कहा, 'सिनेमा में ऐसा ही होता है, जब दो फिल्में एक साथ रिलीज होती हैं। आप अपने अभिनेता का समर्थन करेंगे और वे भावनाएं आप पर हावी हो जाती हैं। हालांकि, ये सब टकराव प्रशंसकों के लिए हो सकता है, लेकिन हमारे लिए नहीं। हम लोग फिल्म को लेकर एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। मैं इस तरह की चीजों पर कोई बात नहीं करता हूं, लेकिन मैंने जो सुना है वह सही नहीं है। मैं नहीं चाहता कि इन बातों का दोनों अभिनेताओं के करियर पर प्रभाव पड़े। इस तरह की बातों को अनदेखा करना ही सही है। हम यहां आपस में प्रतिस्पर्धा करने के लिए नहीं आए हैं।'
यह भी पढ़ें: Bollywood: बॉलीवुड सितारों के हमशक्ल ने सोशल मीडिया पर खूब बटोरी सुर्खियां, तस्वीरें देख रह जाएंगे हैरान
'सलार' और 'डंकी' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
प्रभास की 'सलार' और शाहरुख खान की 'डंकी' दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 'सलार' ने नौ दिनों में 326.42 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, 'डंकी' के कलेक्शन की बात करें, तो इस फिल्म की 10 दिन की कुल कमाई 176.05 करोड़ रुपये हो गई है।
'सलार' की स्टार कास्ट
प्रशांत नील की फिल्म की बात करें, तो 'सलार पार्ट 1: सीजफायर' में प्रभास के साथ श्रुति हसन, जगपति बाबू , ईश्वरी राव, श्रिया रेड्डी, रामचंद्रन राजू और ब्रह्मा मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म का निर्माण विजय किरागांदुर ने किया है। वहीं, 'सलार' की रिलीज के साथ ही इसके दूसरे पार्ट की भी घोषणा कर दी गई है। वीडियो के आखिर में फिल्म के दूसरे भाग का एक पोस्ट-क्रेडिट सीन दिखाया गया है, जिसपर ‘सलार: पार्ट 2 शौर्यांग पर्वम’ लिखा आता है।
यह भी पढ़ें: Salaar: 'सलार' ने हिंदी बीट में गाड़े सफलता के झंडे, बाहुबली 2 और साहो के बाद बनी पांचवीं 100 करोड़ी फिल्म