निर्देशक जोड़ी राज निदिमोरू और कृष्णा डी की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' को मिली कामयाबी ने उनकी सात साल पहले रिलीज हुई फिल्म गो गोवा गॉन के सीक्वेल को पटरी पर ला दिया है। ये सीक्वेल काफी समय से चर्चा में रही है।
अब निर्माता दिनेश विजन ने इसे बनाने औऱ अगले साल होली के आसपास रिलीज करने का एलान कर दिया है। राज और कृष्णा इससे पहले दिनेश के साथ सुपरहिट फिल्म स्त्री बना चुके हैं। 'गो गोवा गॉन' को हिंदी सिनेमा की पहली जॉम्बी (आदमखोर मुर्दे) फिल्म माना जाता है।
निर्माता दिनेश विजन कहते हैं, "मैं बहुत ही उत्साहित हूं कि हम एक बार फिर से इस अनूठे सफर पर लौट रहें हैं। गो गोवा गॉन ने सिनेमा में बहुत सी चीजों को परिभाषित किया था, अब एक बार फिर से हम ये करने के लिए तैयार हैं। फिल्म के किरदार हमारे साथ जुड़े रहे। अब उन्हें दोबारा परदे पर उतारने के लिए हम बहुत ही रोमांचित हैं।"