टी सीरीज़ अपने यूट्यूब चैनल के जरिए कई नए कलाकार और सिंगर्स लॉन्च कर रहा है। इन्हीं में से एक सिंगर हैं जिनके गानों ने यूट्यूब पर धूम मचा रखी है। इन सिंगर का नाम है ध्वनि भानुशाली। फिल्म सत्यमेव जयते के गाने दिलबर से मशहूर हुई ध्वनि ने अपने नए गाने वास्ते से सभी को बता दिया है कि वह कितनी उम्दा सिंगर हैं।
इस हिट गाने वास्ते को मशहूर म्यूजिक कंपोज़र तनिष्क बागची ने बनाया है। 6 अप्रैल को टी सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वास्ते गाने के म्यूजिक वीडियो ने अभी तक 27 करोड़ व्यूज पा लिए हैं। लेकिन इससे बड़ा रिकॉर्ड इस गाने ने लाइक्स के मामले में बनाया है। इस गाने को यूट्यूब पर करीब 40 लाख लोग थम्स अप दे चुके हैं यानी लाइक कर चुके हैं। यूट्यूब पर लाइक्स का ये नया रिकॉर्ड है।
इस नए रिकॉर्ड के बारे में तनिष्क बागची कहते हैं, "यूट्यूब अपना हुनर दिखाने के लिए सबसे उम्दा प्लेटफॉर्म है। यहां हमें ऑडियंस का रेस्पॉन्स भी जल्द ही मिल जाता है। ध्वनि जैसी उम्दा सिंगर के साथ काम करके मैं भी बहुत खुश हूं। वास्ते एक ओरीजनल कंपोजीशन है और इसके इतने अच्छे रेस्पॉन्स को देख मैं बहुत उत्साहित हूं।"
वास्ते सिंगल की इस कामयाबी पर टी सीरीज़ के एमडी भूषण कुमार भी काफी खुश हैं, वह कहते हैं, " ध्वनि टी सीरीज़ की सबसे यंग आर्टिस्ट हैं जिसने इतनी जल्दी इतनी ऊंचाइयों को पा लिया है। इस गाने की पूरी टीम इस कामयाबी पर बधाई की हकदार है।"