शानदार तरीके से हुई बोहनी
फिल्म 'धुरंधर' ने ओपनिंग डे पर 28 करोड़ रुपये की कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत की। यह रणवीर सिंह की बेस्ट ओपनर बन चुकी है। वहीं, इस साल रिलीज होने वाली फिल्मों में ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में यह तीसरे पायदान पर है। दूसरे दिन शनिवार को फिल्म ने 32 करोड़ रुपये कमाए और तीसरे दिन रविवार को इस फिल्म ने 43 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे ही दिन यह फिल्म 100 करोड़ क्लब का हिस्सा बन गई।
200 करोड़ की दहलीज पर पहुंची 'धुरंधर'
चौथे दिन मंडे टेस्ट में भी फिल्म का प्रदर्शन कमाल का रहा और इसने 23.25 करोड़ रुपये कमाए। पांचवें दिन इस फिल्म ने 27 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। कल बुधवार को छठे दिन भी 'धुरंधर' ने 27 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। आज सातवें दिन यह फिल्म 200 करोड़ क्लब के एकदम नजदीक पहुंच गई है।
सातवें दिन किया इतना कलेक्शन
'धुरंधर' ने आज गुरुवार को सातवें दिन 22.08 करोड़ रुपये कमाए हैं। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 202.33 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
अगले साल आएगा 'धुरंधर' का दूसरा पार्ट
आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म 'धुरंधर' में रणवीर सिंह लीड रोल में हैं। उनके अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन जैसे सितारे हैं। सारा ने इस फिल्म के जरिए डेब्यू किया है। इस फिल्म के सीक्वल का एलान भी हो चुका है। दूसरा पार्ट अगले साल रिलीज होगा। 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर यश स्टारर 'टॉक्सिक' से टकराएगी।