बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ कमाने का आंकड़ा अब छोटा होता जा रहा है। चेन्नई एक्सप्रेस के 200 करोड़ कमाने के बाद अब इसी साल रिलीज हो रहीं दो फिल्मों को 300 करोड़ क्लब की फिल्में मानी जा रही हैं।
बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर चुकी चेन्नई एक्सप्रेस की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है और उधर इस बात के कयास लगने लगे हैं कि उसका रिकॉर्ड कौन सी फिल्म तोड़ेगी? बॉलीवुड ने इस साल शानदार कमाई है और आने वाले महीनों में भी कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल करने के लिए तैयार हैं।
सौ करोड़ का आंकड़ा अब निर्माताओं को जादुई नहीं लग रहा। वे 200 और 300 करोड़ को छूना चाहते हैं। संजय लीला भंसाला की रामलीला (रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण), अनिल शर्मा की सिंह साब द ग्रेट (सनी देओल, अमृता राव), एंथनी डिसूजा की बॉस (अक्षय कुमार, अदिती राव हैदरी), तिग्मांशु धूलिया की बुलेट राजा (सैफ अली खान और सोनाक्षी सिन्हा) जैसी फिल्में तो 100 करोड़ की कमाई का लक्ष्य देख रही हैं।
लेकिन दो फिल्में ऐसी भी हैं, जो 300 करोड़ के आंकड़े पर नजर गड़ाए हैं। ये हैः आमिर खान स्टारर धूम 3 और ऋतिक रोशन की कृष 3। यह दोनों ही फिल्में सीक्वल हैं और अपने आप में बड़ा ब्रांड हैं। इस साल आमिर और ऋतिक की कोई फिल्म रिलीज भी नहीं हुई है।
एक फिल्म दीवाली और दूसरी क्रिसमस पर रिलीज होगी। ऐसे में दर्शकों को आने वाली महीनों में बॉक्स ऑफिस पर पर्याप्त मनोरंजन मिलने वाला है। लेकिन सवाल यह है कि दोनों में से कौन सी फिल्म आगे निकलगी। बॉक्स ऑफिस का विजेता कौन होगा, आमिर या ऋतिक।
कृष-3 का प्रोमो दर्शकों के बीच आ चुका है और उसने लोगों को आकर्षित भी किया है। इसमें बच्चों के लिए भी मसाला है और परिवार के देखने योग्य इसे बनाया गया है। वहीं धूम-3 के प्रोमो का इंतजार है।
आमिर खान पहली बार अपने कैरियर में विलेन की भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में समीक्षक मान कर चल रहे हैं कि दोनों फिल्में अपने-अपने ढंग से दर्शकों को खींचेंगी।
जिस तरह से टिकट खिड़की पर इन दिनों पैसा बरस रहा, विश्लेषकों के अनुसार इन दोनों फिल्मों के लिए 200 करोड़ रुपये कोई बड़ी बात नहीं होगी। हां, 300 से 400 करोड़ एक नया शिखर होगा। जिसे कोई भी फिल्म छू सकती है।