दीपिका पादुकोण ने साल 2015 में लिव लाफ लव फाउंडेशन के नाम से मानसिक रोगों और रोगियों के लिए एक खास एनजीओ की नींव रखी। इसी एनजीओ के चार साल पूरे होने पर दीपिका ने मानसिक स्वास्थ्य विषय पर पहली लेक्चर सीरीज की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्य वक्ता के तौर पर पद्मश्री सिद्धार्थ मुखर्जी ने पहला लेक्चर देकर इस नई पहल की शुरुआत की।
इस खास मौके पर दीपिका बोलीं " आज इस एनजीओ को शुरू हुए पूरे चार साल हो गए, मुझे लगता है हम अब काफी दूर आ गए हैं इसीलिए आज हम अपने लेक्चर सीरीज की इस पहल की शुरुआत करना चाहते हैं। मुझे लगता है की इसी तरह के सम्मेलनों ने मानसिक रोगों से जुड़े कलंकों को पिछले चार सालों में काफी कम कर दिया है। लेकिन जागरूकता के मायनों में अभी हमें और दूर तक जाना है, इसीलिए हम इस तरह के सम्मेलनों का आयोजन करते रहेंगे। यह नई लेक्चर सीरीज अलग अलग व्यवसायों से जुड़े प्रतिभाशाली लोगों को आमंत्रित करेगी जो मानसिक रोगों से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करेंगे। "
दीपिका ने अपनी इस लेक्चर सीरीज को हर किसी के लिए ओपन बताया। उन्होंने कहा कि यह दुनिया के हर कोने के लोगों के लिए उपलब्ध है। खास तौर पर उनके लिए जो इस फील्ड में काम करने को लेकर उत्साहित हैं और अपनी यात्रा-अनुभव साझा करना चाहते हैं। दीपिका पादुकाेण कई बार अपनी उस अवस्था के बारे में बात कर चुकी हैं जिसमें वे गंभीर डिप्रेशन से जूझ चुकी हैं। इसी से उबरने के बाद 2015 में उन्होंने इस लिव लव लाफ फाउंडेशन की स्थापना की थी।