विशाल भारद्वाज निर्देशित हिट फिल्म रही 'इश्किया' की सीक्वल फिल्म 'डेढ़ इश्किया' की शूटिंग इसी महीने से शुरू हो जाएगी। इस फिल्म में इस बार विद्या बालन वाली भूमिका माधुरी दीक्षित निभा रही हैं। माधुरी दीक्षित का कहना है कि फिल्म की शूटिंग इसी महीने के मध्य में शुरू हो जाएगी। वह इन दिनों अनुभव सिन्हा की फिल्म 'गुलाब गैंग' में भी काम कर रही हैं।
'डेढ़ इश्किया' की शूटिंग सितम्बर 2011 में शुरू होने वाली थी, लेकिन उसे नवम्बर कर दिया गया और उसके बाद फरवरी 2012। इसके बाद माना जा रहा था कि शूटिंग इस वर्ष जनवरी में शुरू हो जाएगी। माधुरी दीक्षित की वजह से इस फिल्म की शूटिंग में कुछ देरी हुई। अब जाकर फरवरी 2013 में इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने जा रही है।
'डेढ़ इश्किया' वर्ष 2010 में आई 'इश्किया' का सिक्वेल है और इसमें अरशद वारसी और नसीरुद्दीन शाह भी नजर आएंगे। यह दोनों कलाकार पिछली फिल्म में भी थे। माधुरी ने नसीर की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ काम करना सम्मान की बात है। फिल्म में माही गिल और शिल्पा शुक्ला भी नजर आएंगी।