दारा सिंह देश के पहले ऐसे पहलवान रहे जिनको सरकार ने राज्य सभा में मनोनीत किया। दारा सिंह ने बड़े बड़े पहलवानों को धूल चटाई और फिर रामानंद सागर के सीरियल रामायण में हनुमान बनकर अमर हो गए। अब जबकि हनुमान को लेकर तरह तरह की सियासत हो रही है, तो मुंबई में छोटे परदे के इस हनुमान की गाथा लोगों के सामने आई एक कॉमिक बुक सीरीज के तौर पर। ग्रेट जर्नी ऑप द ग्रेट दारा सिंह के नाम की इस कॉमिक को दारा सिंह के बेटे विंदु दारा सिंह की कोशिशों का नतीजा है।
विंदु दारा सिंह का कहना है, ‘ये किताब मेरे पिता दारा सिह की निजी जिंदगी को पहली बार उनके चाहने वालों के सामने पेश करने की कोशिश है। परदे के सुपरहीरो तो लोगों ने बहुत देखे हैं, वह असल जिंदगी के हीरो थे। इस कॉमिक बुक के जरिए हम लोगों को दारा सिंह के बारे में, रुस्तम ए हिंद के बारे में वे बातें बताने जा रहे हैं, जो लोगों को अब तक पता नहीं हैं।’
दारा सिंह पर बायोपिक बनाने की चर्चा हिंदी फिल्म जगत में पिछले कई साल से चलती रही हैं। दो साल पहल अक्षय कुमार ने दारा सिंह की जीवनी पर फिल्म बनाने का ऐलान किया था। उसके बाद सलमान खान ने पहलवानी पर एक टीवी सीरीज का भी ऐलान किया लेकिन न ये फिल्म बनी और न टीवी सीरीज। अब पता चला है कि विंदु दारा सिंह इस बायोपिक को लेकर कुछ विदेशी फिल्म कंपनियों के संपर्क में हैं और ये कॉमिक सीरीज इसी सिलसिले की अगली कोशिश है।