बीती रात शाहरुख खान के घर मन्नत में दिवाली पार्टी का आयोजन किया गया था। इस पार्टी में बॉलीवुड की तमाम बड़ी हस्तियों ने शिरकत की। शाहरुख के घर के बाहर फैंस का हुजूम भी देखा गया। लेकिन शाहरुख के घर के बाहर एक ऐसी घटना हुई जिसके बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया।
दरअसल कोलकाता से आए मोहम्मद सलीम नाम के एक फैन को अंदर जाने से रोक दिया गया तो उसने खुद पर ब्लेड से वार कर अपने आप को घायल कर लिया। फैन की हालत देख मुंबई पुलिस के जवान उसे नजदीक के भाभा अस्पताल में उपचार के लिए ले गए।
बता दें शाहरुख खान ने अपना जन्मदिन और दिवाली पार्टी एक साथ ही रखी थी। उनके बंगले के बाहर रात से ही काफी फैन्स जुटे थे। शाहरुख के जन्मदिन के दिन ही उनकी अपकमिंग फिल्म जीरो का ट्रेलर रिलीज किया गया। ट्रेलर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर नया रिकॉर्ड बनाया है। 2 दिन में ही ट्रेलर को देखने वालों की संख्या 64,806,107 पहुंच गई है। ट्रेलर अभी भी नंबर 1 पर ट्रेंड कर रहा है। इतना ही नहीं जीरो सोशल प्लेटफॉर्म पर सबसे ज्यादा बार देखा जाने वाला ट्रेलर बन गया है।