जज अनिल एच लद्दाद ने सलमान खान की याचिका पर केतन कक्कड़ को अपना जवाब दाखिल करने का आदेश दिया है। कोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी को होगी। कोर्ट में सलमान खान का पक्ष डीएसके लीगल के वकीलों ने किया, जिन्होंने कोर्ट से एक आदेश की मांग करते हुए कहा कि इस मामले की सुनवाई के दौरान केतन कक्कड़ द्वारा किसी भी तरह का मानहानिक बयान नहीं दिया जाए। लेकिन केतन कक्कड़ के वकील आभा सिंह और आदित्य प्रताप ने इस मांग का विरोध किया।
केतन के वकीलों के मुताबिक, उन्हें गुरुवार शाम को ही केस के कागजात मिले हैं और अब तक उन्होंने पूरे मुकदमे को देखा ही नहीं हैं। वकील आभा सिंह ने ये भी कहा कि अगर सलमान खान ने मुकदमा दायर करने के लिए एक महीने तक इंतजार किया था तो केतन कक्कड़ को जवाब दाखिल के लिए भी समय मिलना चाहिए। हालांकि, इसके बाद जज द्वारा सुनवाई को स्थगित कर दिया। बता दें कि सलमान खान अपने पड़ोसी केतन कक्कड़ पर एक आदेश चाहते हैं ताकि केतन अभिनेता या उनके फार्महाउस के खिलाफ कोई अपमानजनक पोस्ट ना कर सके।
सलमान खान मुंबई के बांद्रा इलाके में रहते हैं लेकिन उनका पनवेल में एक फार्महाउस भी है। दूसरी तरफ केतन कक्कड़ भी मुंबई में रहते हैं और उनका सलमान खान के फार्महाउस के पास एक प्लॉट है। सलमान खान के केस के अनुसार, केतन कक्कड़ ने एक यू-ट्यूब चैनल से बात करते हुए सलमान खान के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इस मामले में सलमान खान ने यूट्यूब के अलावा सोशल मीडिया साइट्स जैसे फेसबुक, ट्विटर और गूगल का नाम अपने केस में शामिल किया है और उन्होंने मांग की है कि इस अपमानजनक कंटेंट को वेबसाइट्स से हटाया जाए या फिर ब्लॉक किया जाए।