पाकिस्तान की अभिनेत्री मीरा के खिलाफ लाहौर की अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। मीरा पर आरोप है कि उसने अपने पति से धोखा किया है। पाकिस्तान की अभिनेत्री के खिलाफ लाहौर की कैंट अदालत के सिविल जज ने ये आदेश जारी किया।
डेली टाइम्स डॉट कॉम की खबर के मुताबिक इर्तिजा रुबाब जिन्हे उनके फिल्मी नाम मीरा से ही जाना जाता है के खिलाफ अतिकुर्रहमान ने शिकायत दर्ज कराई है।
अतिकुर्रहमान के मुताबिक वो मीरा का पति है। और उसका आरोप है कि मीरा ने उसके साथ धोखा किया है। जज ने अगली सुनवाई पर पुलिस को मीरा को कोर्ट में पेश करने को कहा है।
पहले पति के होते हुए दूसरी शादी है मीरा का जुर्म
खुद को मीरा का पति बताने वाले रहमान के अनुसार मीरा ने उससे शादी की लेकिन फिर उसने कैप्टन नवेद परवेज नाम के आदमी से चुपचाप शादी कर ली।
रहमान का कहना है कि मेरी पत्नी होते हुए मीरा दूसरी शादी नहीं कर सकती। इसी को लेकर रहमान ने लाहौर कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया। कई बार कोर्ट के नोटिस के बाद भी कोर्ट में हाजिर ना होने पर मीरा के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
मीरा बॉलीवुड की 'नजर' और 'कसक' नाम की दो फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
मीरा बोली, ये आदमी पांच साल से कर रहा है ब्लैकमेल
इस पूरे प्रकरण पर अभिनेत्री मीरा का कहना है कि ये रहमान नाम का आदमी झूठा और फ्रॉड है। मीरा के अनुसार ये शख्स पिछले पांच साल से उनको धमकियां दे रहा है और उनका इस आदमी से कोई रिश्ता नहीं है।
कोर्ट के नोटिस पर मीरा का कहना है कि उन्हे कोर्ट से कोई नोटिस नहीं मिला है। ऐसे मे इस पर कोई कदम उठाने का कोई सवाल ही नहीं है। मीरा का कहना है कि उनके वकील अली सिब्ते को भी इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है।