भारत में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू हुए लॉकडाउन के बाद लगभग सभी कारोबार नुकसान झेल रहे हैं। उनमें से फिल्म इंडस्ट्री भी एक है। लॉकडाउन खत्म होने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर जिन स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा सावधानियों का ध्यान रखा जाना है, उन सभी नियमों का खाका तैयार करके सभी कारोबारी सरकार को सौंप रहे हैं। वैसी ही एक कोशिश मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने की है।
एसोसिएशन ने अपने पत्र में लिखा है, 'हर शो के खत्म होने के बाद और हर एक इंटरवल में सिनेमा हॉल के कोने कोने को सैनिटाइज किया जाएगा। सिनेमाघर में फिल्म देखने के लिए आने वाले लोगों को वहां काम करने वाले कर्मचारियों से कम से कम संपर्क करना होगा। क्योंकि, इस दौरान ई-टिकट और खाने पीने के लिए ई-आर्डर की व्यवस्था की जाएगी। थिएटर में शरीर का तापमान मापने वाला यंत्र, सैनिटाइजर और मास्क अनिवार्य होंगे।'
नियमों को अपने यहां सख्ती से लागू करने का वादा करके उन्होंने लिखा है, 'फिल्म देखने के दौरान भी हर व्यक्ति को अपने चेहरे पर मास्क पहनना होगा। सिनेमाघर में काम करने वाले कर्मचारियों को सिर्फ लोगों के स्वास्थ्य संबंधित चेकअप के लिए ही रखा जाएगा। सिनेमा हॉल के अंदर सिर्फ एक परिवार के लोग ही साथ बैठ सकेंगे। उसके अलावा सभी लोगों के लिए अलग-अलग बैठने की व्यवस्था की जाएगी।'