पुलिस ने सोमवार को बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा से अपना विस्तृत बयान रिकॉर्ड कराने के लिए पेश होने को कहा है। पुलिस ने यह निर्देश प्रीति द्वारा अपने पूर्व प्रेमी और उद्योगपति नेस वाडिया के खिलाफ दर्ज कराई गई छेड़छाड़ की शिकायत के संदर्भ में दिया है।
मामले की जांच कर रहे एक आईपीएस अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक पत्र प्रीति जिंटा को लिखा है और इसे उनके वकील हितेश जैन को सौंप दिया गया है। इसमें उनसे तीन दिन या फिर ज्यादा से ज्यादा इस सप्ताहांत तक पुलिस के सामने पेश होने को कहा गया है।
देश में नहीं हैं प्रीति जिंटा
उन्होंने कहा कि हमें पता चला है कि जिंटा इस वक्त देश में नहीं हैं और इसलिए हमने पत्र उनके वकील को दिया है। अधिकारी ने बताया कि जांच के इस मोड़ पर जिंटा का विस्तृत बयान जरूरी है क्योंकि अगली कार्यवाही करने से पहले कई सवालों के जवाब खोजने जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि जांचकर्ता अभिनेत्री से उस जगह की तस्दीक करना चाहते हैं जहां छेड़छाड़ की घटना हुई और वहां पर मौजूद लोगों के बारे में भी जानना चाहते हैं।
क्या हुआ था उस शाम
अभिनेत्री ने दावा किया था कि मैं अपने सीट पर बैठी हुई थी, तभी नेस मेरी सीट पर आए और सभी के सामने मुझ पर चिल्लाने, चीखने लगे। अधिकारी ने कहा कि हम यह जानना चाहते हैं कि वह कहां पर बैठी थी और जिनका वह जिक्र कर रही हैं आखिर वे कौन लोग हैं। पुलिस प्रीति जिंटा का विस्तृत बयान रिकॉर्ड करना चाहती है क्योंकि वानखेड़े स्टेडियम के सीसीटीवी फुटेज से उनके आरोपों की पुष्टि नहीं होती है।
सेक्सुअल उत्पीड़न के आरोप नहीं
उधर प्रीति जिंटा के वकील ने स्पष्ट किया है कि उनके द्वारा सिर्फ नेस वाडिया पर बदसलूकी का आरोप लगाया गया है। नेस पर प्रीति द्वारा सेक्सुअल हैरिसमेंट या शारीरिक तौर प्रताड़ना का आरोप नहीं लगाया गया है। इधर यह बात साफ अब स्पष्ट होती जा रही है कि बिना किसी ठोस सुबूत के पुलिस नेस वाडिया को गिरफ्तार नहीं करेगी।
गलत हैं सुलह की खबरें
प्रीति जिंटा और नेस वाडिया के बीच इस झगड़े के बाद सुलह की खबरें आई थीं। लेकिन इनका अब खंडन भी आ गया है। कहा जा रहा है कि ऐसी जो भी खबरें आ रही हैं वह गलत हैं। न तो प्रीति और न ही नेस की तरफ से किसी प्रकार की सुलह की कोशिशें नहीं की जा रही हैं।