मधुर भंडारकर की फिल्म 'इंदु सरकार' को लेकर विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। देशभर में रिलीज का विरोध कर रही कांग्रेस ने इंदौर में भी कल प्रदर्शन किया।
कल पूरे देश में इंदु सरकार रिलीज हुई। इंदौर में सिनेमा हॉल के बाहर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। कांग्रेस कार्यकर्ता ने सिनेमाघरों में चल रहे शोज को भी रोकने की कोशिश की। कांग्रेस काफी समय से फिल्म के मेकर्स पर आरोप लगा रही है कि ये फिल्म भाजपा के इशारे पर बनाई गई है ताकि कांग्रेस पार्टी की छवि खराब की जा सके। इंदौर में मामला तब और बिगड़ गया जब कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंच कर लोगों से फिल्म देखने का आग्रह किया।
मधुर भंडारकर की 'इंदु सरकार' इमरजेंसी पर आधारित है। फिल्म की रिलीज को रोकने के लिए सिर्फ कांग्रेस ने ही नहीं, बल्कि खुद को संजय गांधी की कथित बेटी प्रिया पॉल ने भी मोर्चा खोल रखा है। नागपुर में होने वाली मधुर भंडारकर की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ऐसा बवाल मचाया था कि उन्हें ये कैंसिल करना पड़ा। कांग्रेस के कई बड़े नेता ये बयान भी दे चुके हैं कि फिल्म से पार्टी की छवि धूमिल होगी।