पांडु के बेटे पिंटू ने पीटीआई-भाषा को बताया, 'वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये थे और उन्हें बुधवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी नाड़ी की गति अचानक कम हो गयी और बृहस्पतिवार को सुबह उनका निधन हो गया।' पांडु के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटे हैं। उनकी पत्नी का भी अस्पताल में कोविड-19 का उपचार चल रहा है।
पांडु ने अजित कुमार स्टारर फिल्म 'कढ़ल कोटाई' में कैमियो रोल किया था। इस फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा था। इसके बाद उन्होंने विजय स्टारर फिल्म 'घिल्ली' में पुलिस ऑफिसर की भूमिका निभाई थी। पांडु ने एक से बढ़कर एक फिल्में दी। अभिनेता ने कई फिल्मों में कॉमेडी रोल भी किए। दर्शकों को उनकी कॉमिक टाइमिंग काफी पसंद थी।
करीब चार दशक के अपने कॅरियर में पांडु ने 500 से अधिक फिल्मों में हास्य किरदार निभाया है। उन्होंने मुख्यत: तमिल फिल्मों में काम किया है। 1980 के दशक के अंत में दूरदर्शन पर प्रसारित धारावाहिक ‘पट्टू पीतांबरम’ से उन्हें खूब लोकप्रियता मिली थी। उनकी पहली फिल्म 1980 के दशक के शुरू में आयी ‘कराई एल्लम शेनबागपू’ थी।
द्रमुक और अन्नाद्रमुक ने पांडु के निधन पर शोक जताया है। द्रमुक प्रमुख एम के स्टालिन ने एक बयान में कहा कि पांडु एक उत्कृष्ट हास्य कलाकार के अलावा एक ऐसे कलाकार थे जिन्हें इस विषय में महारत हासिल थी और उन्होंने हास्य की विधा में एक विशेष शैली इजाद की थी। पांडु का निधन फिल्म उद्योग के साथ चित्रकारी एवं पेंटिंग की दुनिया के लिए भारी क्षति है। अन्नाद्रमुक के शीर्ष नेताओं ओ पनीरसेल्वम और के पलानीस्वामी ने पांडु की अभिनय शैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी के संस्थापक एवं दिवंगत मुख्यमंत्री एम जी रामचंद्रन उनसे परिचित थे।