बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल जल्द ही दुलकर सलमान के साथ अपनी अगली फिल्म 'चुप' में नजर आने वाले हैं। अपने फिल्मी करियर में सनी ने बड़े पर्दे पर अब तक कई यादगार किरदार निभाए हैं। उनके पिता धर्मेंद्र भी बॉलीवुड के बड़े स्टार हैं और अब तक सुपरहिट फिल्मों में नजर आ चुके हैं। अपने पिता के स्टारडम के बारे में बात करते हुए, सनी ने बताया कि उनके सबसे बड़े आइडल घर पर ही हैं इसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
उनकी प्रशंसा करते हुए सनी ने कहा, 'वह सिनेमा की सभी शैलियों में सफल होने वाले एकमात्र अभिनेता हैं। वह कभी किसी भी भूमिका को निभाने से पीछे नहीं हटे। चाहे 'सत्यकाम' हो, 'चुपके चुपके', 'शोले', 'प्रतिज्ञा', 'फूल और पत्थर' या अनुपमा - उन्होंने सभी किरदारों को बखूबी निभाया। काश मैं उनके युग में एक सक्रिय अभिनेता होता।'
बातचीत के दौरान सनी ने मौजूदा समय की फिल्ममेकिंग पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उस समय फिल्म निर्माण में 'लेखकों और निर्देशकों को भावनाओं पर एक मजबूत पकड़' थी, जो आज के समय में गायब है। फिल्म उद्योग में अपने पिता की यात्रा को याद करते हुए सनी ने कहा कि धर्मेंद्र एक दिन में कई फिल्मों की शूटिंग करते थे और एक सेट से दूसरे सेट के बीच लगातार दौड़-भाग किया करते थे। इससे उन्हें आश्चर्य होता है कि उस समय के लेखक और निर्देशक कितने अच्छे थे, कि अभिनेता अपने कैरेक्टर को पकड़े रहते थे।
सनी ने बताया कि उस समय कोई लिखित स्क्रिप्ट नहीं होती थी, यह सिर्फ कथनों पर आधारित होता था। उन्होंने कहा कि, आज अभिनेताओं के पास बाउंड स्क्रिप्ट होती है फिर वह काफी पीछे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि उन्हें उस दौर में होना चाहिए था। बता दें कि सनी की अगली फिल्म 'चुप' का निर्देशन आर बाल्की ने किया है। यह फिल्म 23 सितंबर को रिलीज होने के लिए बिल्कुल तैयार है।