इतिहास गवाह है कि हीरोइनों के बीच होने वाले झगड़े जल्दी रुकने का नाम नहीं लेते। इन दिनों परिणीति चोपड़ा और मीरा चोपड़ा के बीच मनमुटाव रुक ही नहीं रहा है। दोनों रिश्ते में बहनें लगती हैं लेकिन एक-दूसरे के साथ रिश्ते की बात पर भड़क जाती हैं।
दोनों अपनी ओर से सफाई दे रही हैं कि हम कितने नजदीक या कितने दूर के रिश्तेदार हैं। मजेदार बात यह है कि दोनों से सीनियर बहन प्रियंका चोपड़ा ने भी कुछ ऐसी ही स्थिति तब खड़ी की थी जब उनसे छोटी परिणीति ने फिल्मों में कदम रखा था।
लेकिन अब प्रियंका मीरा को पहचानने लगी हैं और अपने ट्विटर पेज पर उन्होंने लिखा है ‘मेरी बहन की फिल्म हैः गैंग ऑफ घोस्ट। जरूर देखिए।’
परिणीति ने की थी शुरुआत
सूत्र बताते हैं कि परिणीति और मीरा के बीच तनाव तब शुरू हुआ था जब फिल्म ‘इश्कजादे’ की रिलीज के वक्त परिणीति ने कहा था कि मीरा उनकी चचेरी बहन नहीं हैं, बल्कि सिर्फ दूर की रिश्तेदार हैं।
दोनों के परिवारों में रिश्ता नहीं है। उनके बीच कभी बात भी नहीं हुई। जब मीरा को यह बात पता चली तो वह बहुत भड़की थीं और उन्होंने परिणीति की इन बातों को ‘गैरजरूरी’ और ‘बेवकूफाना’ करार दिया था।
अब मीरा ने खोला मुंह
अब ‘गैंग ऑफ घोस्ट’ रिलीज होने के बाद फिर पुराना झगड़ा सामने आ गया है। मीरा कह रही हैं, ‘परिणीति मेरी छोटी बहन है। उसे पता ही नहीं कि वह क्या कह रही है। हम दोनों के पिता रिश्ते में नजदीकी चचेरे भाई (फर्स्ट कजन) हैं।
परिणीति ने जो कुछ कहा उसे मैं बिल्कुल गंभीरता से नहीं ले रही हूं।’ वहीं परिणीति अपनी बात पर अड़ी हुई हैं। उनका तर्क है, ‘प्रियंका के और मेरे पिता भाई हैं। मीरा के पिता उनके चचेरे भाई हैं। इस तरह से वह मेरी दूर की ही रिश्तेदार हुईं। मीडिया में बहुत सारी बातें गलत ढंग से बताई जा रही हैं। मैं लंबे समय से मीरा से नहीं मिली हूं और न ही हम संपर्क में हैं।
लेकिन प्रियंका हैं खामोश
प्रियंका चोपड़ा मामले को लेकर बेहद समझदारी दिखा रही हैं एक ओर उन्होंने ट्विटर पर मीरा को अपनी बहन कहा है तो परिणीति कि प्रक्रिया पर भी कुछ नहीं बोल रहीं। अपनी दोनों बहनों के इस झगड़े पर प्रियंका अपना मुंह सिले हुए हैं। सचमुच समझदारी इसी को कहते हैं।