पिछले दिनों अपने पति से तलाक की खबरों के बाद चर्चाओं में आयीं बॉलीवुड अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह इस बार एक नई वजह से चर्चा में हैं। खबर यह है कि चित्रांगदा सिंह इन दिनों उड़ना सीख रही हैं।
फिल्मों में बड़ी कामयाबी का इंतजार कर रहीं चित्रांगदा सिंह को फिलहाल ऐसा कोई कारण नहीं मिला है कि वह सातवें आसमान में उड़ान भरें। हालांकि वह इस कमी को दूसरे अंदाज में पूरा कर रही हैं।
बचपन से ही विमान उड़ाने की इच्छा रखने वाली यह खूबसूरत अभिनेत्री आजकल हवाई जहाज उड़ाना सीख रही है। गुडग़ांव में वह दो सीटर अल्ट्रालाइट एयरक्राफ्ट को उड़ाने के पाठ पढ़ रही हैं।
बताया जाता है कि इस ट्रेनिंग के सात सेशंस में से तीन पूरे हो भी चुके हैं। सूत्रों के अनुसार इन दिनों फिल्मों से ध्यान हटा कर चित्रांगदा पूरी तरह विमान उड़ाने की कला सीखने पर फोकस कर रही हैं। कोर्स पूरा होने के बाद उन्हें विमान उड़ाने का लाइसेंस मिल जाएगा।
चित्रांदगा ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा है कि वो हमेशा से हवाई जहाज उड़ाना चाहती थी। लेकिन शुरुआत में वो बहुत डर रही थी। बकौल चित्रांगदा 'अब धीरे धीरे मेरा डर और झिझक दूर हो रही है।'