एक वक्त था जब निर्देशक सुधीर मिश्रा की फिल्म की कल्पना अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के बगैर पूरी नहीं लगती थी। लेकिन लंबे समय से यह बात सामने आ रही है कि दोनों के रास्ते जुदा हो चुके हैं। चित्रांगदा इस निर्देशक के साथ हजारों ख्वाहिशें ऐसी, इंकार और ये साली जिंदगी जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। लेकिन पहली फिल्म को छोड़ कर उन्हें किसी में खास तारीफ नहीं मिली।
यंग नहीं रहीं चित्रांगदा
खबर है कि अब सुधीर नई फिल्म बनाने की तैयारी कर रहे हैं और उसमें चित्रांदगा नहीं रहेंगी। खुद सुधीर ने मीडिया में कहा है, ‘मुझे एक ‘यंग ऐक्ट्रेस’ की जरूरत है। मैंने अभी तक स्टारकास्ट फाइनल नहीं की है, लेकिन यह तय है कि चित्रांदगा इस रोल में नहीं दिखेंगी।’ उल्लेखनीय है कि आने वाले कुछ वर्षों में चित्रांदगा उम्र के 40 के आंकड़े को छू लेंगी। ऐसे में फिल्मी गलियारों में यह चर्चा हो रही है कि क्या सुधीर मिश्रा के पास जो रोल है उसके हिसाब से चित्रांगदा ‘यंग’ नहीं रहीं?
क्या सुधीर से है कोई मतभेद
क्या चित्रांगदा और उनकी राहें जुदा होने के बाद सुधीर मिश्रा ने उनके बगैर फिल्म बनाने का फैसला किया है? इस पर उनका कहना है, ‘हर रिश्ते में थोड़ा कुछ समय के साथ बदल जाता है। हमने अपने मतभेदों को सुलझा लिया है। यदि मेरे पास भविष्य में उनके योग्य अच्छा रोल रहा तो मैं जरूर बात करूंगा। भले ही वह रोल को स्वीकार करें या ना करें।’उल्लेखनीय है कि चित्रांगदा कुछ साल पहले सुधीर मिश्रा की एक फिल्म का ऑफर ठुकरा चुकी हैं। वह कहते हैं, ‘चित्रांगदा के रोल ठुकराने के बाद वह फिल्म नहीं बन सकी।’
पति से हो चुकी हैं अलग
समय-समय पर सुधीर और चित्रांगदा की नजदीकियों की चर्चा मीडिया में आती रही हैं, जिस पर उनका कहना है कि मेरे और उनके बीच पर्सनल कभी कुछ नहीं रहा। जो कुछ है वह सोशल और प्रोफेनशल है। कुछ महीनों पहले ही चित्रांदगा का अपने गोल्फर पति ज्योति रंधावा से तलाक हुआ है। वैसे सुधीर यह कहते हैं कि अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर और चित्रांगदा को लेकर उनकी फिल्म ‘पहले आप जनाब’ डिब्बाबंद नहीं हुई है। निखिल आडवाणी इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं और सुधीर मिश्रा के साथ मिल कर लिख भी रहे हैं। उम्मीद करें कि चित्रांदगा इस फिल्म में बनी रहेंगी।