साउथ फिल्म इंडस्ट्री की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही हैं। 'पुष्पा द राइज' और 'आरआरआर' के बाद अब सिनेमाघरों में 'बीस्ट' और 'केजीएफ चैप्टर 2' रिलीज होने के लिए तैयार है। इन सबके बीच अब साउथ सिनेमा के फैंस अपकमिंग फिल्म ‘आचार्य’ के रिलीज होने का भी इंतजार कर रहे हैं, जिसका ट्रेलर अब सामने आ गया है। रामचरण और चिरंजीवी स्टारर इस फिल्म में धमाकेदार एक्शन देखने को मिलेगा, जिसकी झलक फिल्म के टीजर मे फैंस देख चुके हैं लेकिन ट्रेलर इस एक्शन के लेवल को एक पायदान और ऊपर लेकर गया है।
सिनेमाघरों में दिखाया ट्रेलर
'आचार्य' का ट्रेलर यू-ट्यूब पर आने से पहले तेलंगाना और आंध्रप्रदेश के कई सिनेमाघरों में दिखाया गया है, जो फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं था। सिनेमाघरों में ट्रेलर की स्क्रीनिंग शाम पांच बजकर 49 मिनट पर की गई। फैंस इस स्पेशल स्क्रीनिंग से यकीनन खुश हुए होंगे। हालांकि, ये ट्रेलर अब तक सिर्फ तेलुगू भाषा में रिलीज किया गया है। ऐसे में हिंदी पट्टी के दर्शक इस फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे हैं। खबरों के मुताबिक, 'आचार्य' का ट्रेलर हिंदी भाषा में भी जल्द रिलीज किया जाएगा। लेकिन अब तक इससे जुड़ी कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है।
यू-ट्यूब पर भी आया ट्रेलर
सिनेमाघरों में ट्रेलर दिखाने के बाद आज ही यू-ट्यूब पर भी इसे जारी कर दिया गया। शाम सात बजे फिल्म के मेकर्स ने 'आचार्य' के ट्रेलर को यू-ट्यूब पर जारी किया। फिल्म के ट्रेलर ने फैंस की एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया है। फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने से पहले ही 'आचार्य' का नाम ट्विटर पर सुबह से ट्रेंड कर रहा है, जिससे साफ है कि फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म में दिखेगी पिता-बेटे की जोड़ी
फैंस लंबे समय से राम चरण और चिरंजीवी को बड़े पर्दे पर साथ में देखने का इंतजार कर रहे थे। अब इन दोनों ने भी अपने चाहने वालों की ये इच्छा पूरी की। राम चरण पहली बार अपने पिता चिरंजीवी के साथ बड़े पर्दे पर दिखाई देंगे। रामचरण ‘सिद्धा’ का किरदार निभाते नजर आएंगे। वहीं, चिरंजीवी ‘आचार्य’ की भूमिका में दिखाई देंगे। चिरू और राम चरण के अलावा, फिल्म में काजल अग्रवाल, पूजा हेगड़े, सोनू सूद, जिशु सेनगुप्ता, वेनेला किशोर, सौरव लोकेश, पोसानी कृष्ण मुरली, तनिकेला भरणी, अजय, संगीता, बनर्जी और कई अन्य भी सहायक भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे।
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
कोराताला शिवा के निर्देशन में बनी ‘आचार्य’ 13 मई 2021 को रिलीज होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस की वजह से फिल्म की रिलीज डेट को टाल दिया गया था। वहीं, अब ये फिल्म 29 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। खबरों की मानें तो फिल्म जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी आ जाएगी।