चीन में आज रिलीज हो रही आमिर खान की फिल्म 'दंगल' मुश्किलों में घिरती दिख रही है। चीन की सबसे बड़ी मल्टीप्लेक्स चेन वांडा फिल्म को बेहद कम थियेटर्स में रिलीज कर रही है।
बॉलीवुड लाइफ में छपी खबर के अनुसार दंगल अपनी तय स्क्रीन्स के केवल 1 प्रतिशत पर रिलीज हो रही है। चीन के सिनेमा लेखक ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'क्या चीन में वांडा 'दंगल' का बहिष्कार कर रही है?' वांडा की चीन में 1,657 स्क्रीन्स हैं। वहीं 'दंगल' केवल 37 स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। बीजिंग में वांडा थियेटर में फिल्म के केवल 3 शो हैं और वो भी सिर्फ 5 मई को ही।
थियेटर्स की इस हरकत पर चीनी लोग काफी गुस्सा हैं। लोगों का कहना है कि मल्टीप्लेक्स भारतीय फिल्मों के तरफ बायस्ड है। वहीं कुछ का ये भी कहना है कि ये वांडा के प्रतियोगी कंपनी हुआई के कारण है। आपको बता दें कि 'दंगल' चीन में नौ हजार से ज्यादा स्क्रीन्स पर रिलीज हो रही है। ये चीन में अब तक की सबसे बड़ी भारतीय रिलीज है। अगर वांडा फिल्म को कम थियेटर्स देता है तो जाहिर तौर पर फिल्म को नुकसान होगा लेकिन इसके बावजूद कहा जा रहा है कि फिल्म चीन में अच्छी कमाई कर सकती है।