फिल्म 'कमीने' में मिखाइल के किरदार में चंदन रॉय सान्याल
- फोटो : इंस्टाग्राम-@iamroysanyal
रंग दे बसंती-कमीने से मिली पहचान
दिल्ली में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद एक्टर बनने का सपना लिए चंदन रॉय सान्याल मुंबई आ गए। सबसे पहले उन्हें राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फिल्म ‘रंग दे बंसती (2006)’ में क्रांतिकारी बटुकेश्वर दत्त का किरदार करने का मौका मिला। फिल्म में किरदार बहुत बड़ा नहीं था लेकिन चंदन अपने अभिनय की छाप छोड़ने में कामयाब रहे। यह उनके करियर की डेब्यू फिल्म भी थी। इसके बाद विशाल भारद्वाज की फिल्म ‘कमीने’ में चंदन ने मिखाइल का किरदार निभाया था, इस किरदार का लुक भी काफी अलग था। पैसा कमाने के लिए यह किरदार गलत रास्ते भी चुन लेता है। फिल्म में शाहिद कपूर, प्रियंका चोपड़ा जैसे नामी कलाकार थे, इसके बावजूद दर्शकों को मिखाइल का किरदार याद रह जाता है। इस रोल के लिए चंदन रॉय सान्याल को क्रिटिक्स की सराहना भी मिली थी।
नामी कलाकारों संग किया अभिनय
आगे भी चंदन रॉय सान्याल ने कई फिल्मों में नामी बॉलीवुड कलाकारों के साथ अभिनय किया। वह ऐश्वर्या राय और इरफान खान की फिल्म ‘जज्बा’ में नियाज शेख के रोल में दिखे। फिर शाहरुख खान की फिल्म ‘जब हैरी मेट सेजल’ में गयासुद्दीन मोहम्मद कुरैशी के रोल में भी नजर आए। रवीना टंडन स्टारर फिल्म ‘पटना शुक्ला’ में नीलकंठ मिश्रा का रोल निभाया। इस तरह चंदन रॉय सान्याल नामी कलाकारों के सामने भी अपने अभिनय से दर्शकों का मनोरंजन करने में कामयाब रहे।
वेब सीरीज 'आश्रम' में बॉबी देओल के साथ चंदन रॉय सान्याल
- फोटो : इंस्टाग्राम-@iamroysanyal
आश्रम वेब सीरीज के लिए सराहे गए
फिल्मों के अलावा चंदन रॉय सान्याल ने वेब सीरीज में भी काम किया है। बॉबी देओल की चर्चित सीरीज ‘आश्रम’ में चंदन ने भुप्पी स्वामी का किरदार किया था। यह किरदार बॉबी देओल के किरदार का करीबी था, जो उसकी हर काम में मदद करता है। इस सीरीज में बॉबी देओल के अलावा चंदन के अभिनय से भी दर्शक काफी प्रभावित हुए। इसके अलावा चंदन रॉय सान्याल ने ‘चार्ली चोपड़ा’ ‘लुटेरे’ और ‘36 डे’ जैसी कई वेब सीरीज कीं।
बंगाली फिल्माें में भी नजर आए
चंदन रॉय सान्याल ने जहां हिंदी फिल्मों में कैरेक्टर रोल किए, अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया। वहीं वह बंगाली फिल्मों में भी सक्रिय नजर आए। चंदन रॉय सान्याल ने बतौर लीड कई बंगाली फिल्में की हैं। इसमें ‘अपराजिता तुमी’ और ‘कांजी’ शामिल हैं। वह एक अपकमिंग बंगाली फिल्म ‘बिनोदिनी’ में गुरु रामकृष्ण की भूमिका भी निभा रहे हैं, कुछ दिनों पहले इस फिल्म में उनका लुक सामने आया था।