अनन्या पांडे और लक्ष्य स्टारर रोमांटिक ड्रामा 'चांद मेरा दिल' सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर भी रिलीज हो चुकी है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने पर मिली-जुली प्रतिक्रिया ही हासिल हुई थी। वहीं कलेक्शन के मामले में भी फिल्म कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। लेकिन अगर आपने सिनेमाघरों में ये फिल्म मिस कर दी थी, तो अब आप इसे घर बैठकर आराम से ओटीटी पर देख सकते हैं।
जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम कर रही है फिल्म
विवेक सोनी द्वारा निर्देशित और धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत 'चांद मेरा दिल' 17 जुलाई यानी आज से ओटीटी प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम कर रही है। यह एक फिल्म एक लव स्टोरी है, जिसमें कॉलेज में पढ़ने वाले आरव और चांदनी की कहानी है।
दोनों इंजीनियरिंग कॉलेज के पहले दिन मिलते हैं। उनकी दोस्ती एक गहरे पहले प्यार में बदल जाती है, लेकिन एक अनचाही प्रेग्नेंसी उन्हें जल्दी बड़ा होने पर मजबूर कर देती है। परिवार की मर्जी के खिलाफ बच्चे को रखने का फैसला करते हुए, यह जोड़ा दोस्तों के सपोर्ट से कम उम्र में ही शादी कर लेता है।
फिर आर्थिक तंगी, माता-पिता बनने की जिम्मेदारी और आपसी झगड़े जैसी समस्याएं आने लगती हैं। बाद में दोनों अलग हो जाते हैं और फिर कई साल बाद वे दोबारा मिलते हैं।