पीटर हाग की तरफ से वकील हुए पेश
पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले की आज कोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान पीटर हाग की तरफ से उनके वकील पेश हुए। सेलिना जेटली और पीटर हाग की शादी को 15 साल हो गए हैं। दोनों के वैवाहिक जीवन में विवाद शुरू हो गया है। पूर्व मिस इंडिया जेटली ने अपने पति हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा, क्रूरता और हेरफेर का आरोप लगाते हुए डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट के तहत केस किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें उनके पति पीटर हाग से इमोशनल, फिजिकल, सेक्सुअल और वर्बल अब्यूज का सामना करना पड़ा है।
कोर्ट ने क्या कहा?
सेलिना और पीटर हाग की शादीशुदा जिंदगी में करीब 15 साल बाद खटास आ गई है। बीते दिनों सेलिना जेटली ने अपने पति हाग के खिलाफ डोमेस्टिक वायलेंस एक्ट के तहत केस किया है। इसमें उन्होंने हाग पर घरेलू हिंसा, क्रूरता और हेरफेर संबंधी कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इस खिलाफ घरेलू हिंसा के केस में एक नया अपडेट यह है कि मुंबई की एक कोर्ट ने आज शुक्रवार 12 दिसंबर, 2025 को मामले को 27 जनवरी, 2026 तक के लिए स्थगित कर दिया है। कोर्ट ने दोनों पक्षों को अपने इनकम एफिडेविट फाइल करने को कहा है। साथ ही कोर्ट ने पीटर हाग को अपना जवाब फाइल करने का समय दिया है, जिसके बाद दोनों पार्टियों की बात सुनी जाएगी।
50 करोड़ रुपये का मांगा हर्जाना
अभिनेत्री ने अपने पति के व्यवहार की वजह से कमाई के नुकसान का दावा करते हुए 50 करोड़ रुपये का हर्जाना भी मांगा है और अपने पति से 10 लाख रुपये महीने का मेंटेनेंस मांगा है। नवंबर में जब यह मामला शिकायत वेरिफाई करने के बाद वेरिफिकेशन और नोटिस जारी करने के लिए अंधेरी के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास के सामने आया था, तो कोर्ट ने हाग को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया था। बता दें कि 47 वर्षीय एक्ट्रेस सेलिना ने दावा किया कि उनके पति ने उन्हें शारीरिक और मानसिक तौर से प्रताड़ित किया। इसकी वजह से उन्हें ऑस्ट्रिया में अपना घर छोड़कर भारत वापस आना पड़ा। पूर्व मिस इंडिया ने याचिका में आरोप लगाया कि शादी के बाद उनके पति ने उन्हें काम करने से रोक दिया। इस कपल ने सितंबर 2010 में शादी की और उनके तीन बच्चे हैं।