सुशांत सिंह राजपूत की एक्स मैनेजर रहीं दिशा सालियान के मौत मामले में हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इस एफआईआर में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उनके बेटे आदित्य ठाकरे, अभिनेता डिनो माेरिया और सूरज पंचाेली का नाम शामिल है।
एफआईआर में रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाझे, परम बीर सिंह और रोहन रॉय समेत कई और बड़े नामों पर आरोप लगाए गए हैं। अब इस मामले में सीबीआई आपराधिक साजिश रचने, गैंग रेप, मर्डर और सबूतों से छेड़छाड़ करने जैसे एंगल पर जांच करेगी। साथ ही इस बात की भी तहकीकात होगी कि एफआईआर में शामिल सभी नामों की इस केस में कैसी और कितनी भूमिका रही है।
इससे पहले अदालत ने सीबीआई को एफआईआर दर्ज करने और मामले की पूरी जांच एक अनुभवी वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में करने का निर्देश दिया था। दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान का बयान भी सीबीआई ने दर्ज किया है। यह बयान जांच की शुरुआती कार्रवाई का अहम हिस्सा माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने सीबीआई अधिकारियों के सामने मामले से जुड़े अपने दावे और उपलब्ध जानकारी साझा की है।