फिल्म 'बाहुबली' में खलनायक के किरदार के लाखों दिलों को जीतने वाले साउथ सुपरस्टार राणा दग्गुबाती के फैंस के लिए बुरी खबर है। उनके पिता सुरेश बाबू के खिलाफ कर्नाटक पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उनपर एक दुपहिया वाहन चालक को गाड़ी से टक्कर मारने पर मामला दर्ज हुआ है। खबरों की मानें तो दुपहिया वाहन पर एक परिवार के तीन सदस्य सवार थे। घटना कारखाना के पास इंपीरियल गार्डन की है।
पुलिस ने सुरेश बाबू के खिलाफ इंडियन पैनल कोर्ट की धारा 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उन्हें सीआरपीसी की धारा 41 के तहत एक नोटिस भी जारी किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना रविवार रात की है, जब सुरेश बाबू अपनी हुंडई सीआईवी कार लेकर निकले।
इस दौरान उनकी कार दुपहिया वाहन चालक सतीश चंद्रा (35) से जा भिड़ी। वाहन पर चालक की पत्नी नीलम दुर्गा (30) और उनका 3 साल का बच्चा भी सवार था। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में तीनों को गंभीर चोट आई, इसके बाद तीनों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए कहा है कि सुरेश बाबू पैराडाइज से बॉनपल्ली तेलंगाना की ओर रॉन्ग साइड पर आ रहे थे जिसके चलते यह हादसा हुआ है। फिलहाल कर्नाटक पुलिस ने सुरेश के बाबू के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।