एना बॉडेन और रयान फ्लेक के निर्देशन में बनी मार्वल स्टूडियोज की 21वीं फिल्म कैप्टन मार्वल ने भारत में रिलीज के पहले ही दिन कमाई के मामले में जबरदस्त शुरुआत कर दी है। इस फिल्म में ब्री लार्सन, सैमुअल एल जैक्सन, जूडी लॉ, एनेट बेनिंग, बेन मेंडेलसॉन अहम किरदार निभा रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रिलीज हुई कैप्टन मार्वल पहली एकल महिला सुपरहीरो फिल्म में ब्री लार्सन के कैरेक्टर कैरल डेनवर्स की तारीफें हो रही हैं। भारत में ये फिल्म अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगू भाषाओं में रिलीज हुई है।
उधर, अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू स्टारर फिल्म 'बदला' में दोनों सितारों की एक्टिंग को भी सराहा जा रहा है। लेकिन अगर फिल्म के पहले दिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात की जाए तो फिल्म बहुत कमाई करती नजर नहीं आ रही है। 'कैप्टन मार्वल' ने साल 2019 में रिलीज के पहले दिन ओपनिंग का खाता 45-50 प्रतिशत से खोलते हुए उत्कृष्ट शुरुआत की वहीं 'बदला' ने 10-12 प्रतिशत से ओपनिंग की है।