निर्देशक राम गोपाल वर्मा की तेलुगू फिल्म सावित्री का नाम बदलकर श्रीदेवी करने पर उठा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मसले पर राम गोपाल वर्मा श्रीदेवी को खुला पत्र लिखकर जवाब दे चुके हैं।
अब इस मामले में श्रीदेवी के पति बोनी कपूर ने भी मोर्चा खोला है। उन्होंने कहा है कि वह इस मसले से निपटने के लिए विरोध के हर स्तर तक जाएंगे। यह मसला उनकी बीवी की प्रतिष्ठा के साथ जुड़ा हुआ है।
निर्देशक राम गोपाल वर्मा पर निशाना साधते हुए बोनी कपूर ने कहा कि एक तरफ आप कहते हैं कि आप श्रीदेवी से प्यार करते थे तो दूसरी तरफ आप श्रीदेवी की मर्यादा पर ही प्रश्न उठा रहे हैं।
क्या है विवाद
दरअसल कुछ समय पहले रामू ने अपनी फिल्म सावित्री के कुछ पोस्टर जारी किए। इन पोस्टरों में एक किशोर लड़का एक महिला के खास अंगों को घूर रहा होता है। इस पोस्टर के आने के बाद विवाद शुरू हो गया।
इस मसले पर श्रीदेवी का नाम तब जुड़ा जब रामू ने फिल्म का नाम बदलकर सावित्री से श्रीदेवी कर दिया। इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि हर लड़का किशोरा उम्र में किसी महिला की तरफ आकर्षित होता है।
मेरे लिए यह आकर्षण श्रीदेवी का था। इसके बाद श्रीदेवी ने इस मसले पर रामू को लीगल नोटिस भेजा। इसका जवाब भी राम गोपाल वर्मा ने दिया। उन्होंने श्रीदेवी को पत्र लिखने के साथ अपनी स्थिति को स्पष्ट करने के लिए मीडिया को भी एक पत्र लिखा।
मैं प्यार करता हूं श्रीदेवी से
श्रीदेवी को लिखे पत्र में राम गोपाल ने अपनी तरफ से पूरी बात समझाने की कोशिश की। उन्होंने लिखा कि यह ठीक है कि मेरी फिल्म का टाइटल ‘श्रीदेवी’ है। लेकिन इस शीर्षक का आपके नाम से या इस फिल्म की कहानी का आपकी निजी जिंदगी से कोई वास्ता नहीं है। मैं तो यह जानकर शॉक्ड हूं कि आप दूसरों की बातों में कैसे आ गईं।
आपने मुझसे सीधी बात की होती तो मैं आपको बता देता कि मेरी इस फिल्म की हीरोइन फिल्म में ना तो किसी एक्ट्रेस के रोल में है और ना ही किशोर लड़का निर्देशक ही बना है। यह बहुत ही सिंपल स्टोरी है, जिसमें एक किशोर एक 25 साल की जवान महिला के प्रति आकर्षित हो जाता है।
मैं आपको अपने दिल की बात एक बार फिर बताना चाहता हूं कि जब मैं कॉलेज में पढ़ता था तो मुझे आपसे प्यार हो गया था। आप उस समय फिल्मों की हिट अभिनेत्री थीं और बेहद खूबसूरत।