फिल्म 'खोसला का घोंसला 2' में रणवीर शौरी, बोमन ईरानी, अनुपम खेर
- फोटो : इंस्टाग्राम@boman_irani
साल 2006 में रिलीज हुई अनुपम खेर की फिल्म ‘खोसला का घोंसला’ का सीक्वल की तैयारी शुरू हो चुकी है। हाल ही में इस फिल्म के दूसरे पार्ट की शूटिंग पर फिल्म की स्टार कास्ट नजर आई। बोमन ईरानी ने भी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की है। साथ ही फिल्म से जुड़ा एक अपडेट भी शेयर किया है।
बोमन ईरानी ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा?
बोमन ईरानी ने मंगलवार को एक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा करते हुए फिल्म ‘खोसला का घोंसला’ फिल्म का डायलॉग शेयर किया। यह उनके किरदार का कहा हुआ पॉपुलर डायलॉग है। जिसमें वह कहते हैं, ‘आप पार्टी कर रहे हैं या ब्रोकर।’ आगे अपनी पोस्ट में बोमन ईरानी लिखते हैं, ‘खोसला का घोंसला 2 के सेट पर कमल खोसला और बंटी के साथ किशन खुराना के रूप में वापसी।’
अनुपम खेर ने भी शेयर की शूटिंग की बीटीएस पिक्चर्स
मंगलवार को बाेमन ईरानी से पहले अनुपम खेर ने फिल्म ‘खोसला का घोंसला 2’ की शूटिंग से जुड़ी बीटीएस फोटो शेयर की थीं। इन फोटोज में रणवीर शौरी, किरण जुनेजा और परवीन डब्बास और तारा शर्मा नजर आ रहे हैं। अनुपम खेर ने बीटीएस फोटो शेयर करते हुए एक कैपशन भी लिखा, ‘खोसला लौट आए हैं। मैं लगभग चार दशक से फिल्मों का हिस्सा रहा हूं लेकिन कभी भी मैंने किसी फिल्म के लिए इतना पागलपन नहीं देखा, जैसा 'खोसला का घोंसला' के पार्ट 2 के लिए देखा है।’
अनुपम खेर की 550वीं फिल्म होगी ‘खोसला का घोंसला’
कुछ दिन पहले जब फिल्म ‘खोसला का घोंसला 2’ के बनने की बात अनुपम खेर ने शेयर की थी तो बताया था कि यह उनकी 550 वीं फिल्म है। फिल्म 'खोसला का घोंसला' की बात करें तो इस दिबाकर बैनर्जी ने डायरेक्ट किया था। फिल्म की कहानी में एक खोसला परिवार होता है, जिसको एक जमीन कब्जा करने वालों के बीच फंस जाते हैं। कैसे वह अपनी जमीन वापस हासिल करते हैं, इस कहानी को बड़े ही मजेदार और काॅमिक ढंग से दिखाया गया था।