स्टंटमैन मोहन बग्गड़, दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र
- फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड के चर्चित स्टंटमैन मोहन बग्गड़ ने दिलीप कुमार से लेकर अमिताभ बच्चन जैसे कई दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। धर्मेंद्र के लिए भी उन्होंने बतौर स्टंटमैन काम किया। हाल ही में मोहन बग्गड़ ने अपने करियर से जुड़ी बातें अमर उजाला के साथ साझा कीं। इस बातचीत में वह धर्मेंद्र को याद कर काफी भावुक हुए।
धर्मेंद्र के कारण ही बने फिल्मों का हिस्सा
धर्मेंद्र के कारण ही मोहन बग्गड़ का बॉलीवुड में आना हुआ। दरअसल, उनके बड़े भाई को धर्मेंद्र ही पंजाब से मुंबई लेकर आए थे। वह फिल्मों में छोटे किरदार किया करते थे। बड़े होने पर मोहन बग्गड़ ने धर्मेंद्र की फिल्म ‘फूल और पत्थर’ देखी। यह पहली फिल्म थी, जो उन्होंने अपने जीवन में देखी थी। मोहन बग्गड़ कहते हैं, ‘यह फिल्म का एक्शन देखकर धर्मेंद्र जी बहुत अच्छे लगे। फिल्म देखकर ऐसा लगता है कि यह सब असल में हो रहा है।यही से मुझे भी फाइटर बनने का शौक हुआ। मैंने भाई को यह बात बताई तो उन्होंने मुझे बड़े दिग्गज स्टंट मास्टर के पास भेजा। मैंने वीरू देवगन के साथ काम किया। इसके बाद काफी काम किया। मैंने दिलीप कुमार, अमिताभ बच्चन के अलावा धर्मेंद्र जी के लिए भी स्टंट किए थे।’
जिंदगी भर धर्मेंद्र की दी गई शर्ट पहनी
मोहन बग्गड़ ने अपनी जिंदगी में बहुत अधिक समय धर्मेंद्र के साथ गुजारा है। वह कहते हैं, ‘एक बार उन्होंने मुझे कहा था कि फिल्म का क्लाइमैक्स अच्छा कर दे, तो तुझे शर्ट खरीदकर दूंगा। फिर एक दिन उन्होंने मुझे फॉर्म हाउस बुलाया और एक अटैची भर शर्ट गिफ्ट की। आज मैं उनकी दी गई शर्ट पहनता हूं।’
ये खबर भी पढ़ें: 'हमारी बहुत सुंदर फुलवारी है, इसे सहेज कर रखना', धर्मेंद्र की बातें याद कर छलक आईं हेमा मालिनी की आंखें
धरम जी का जाना दुखी कर गया
हाल ही में धर्मेंद्र का निधन हुआ लेकिन स्टंटमैन मोहन बग्गड़ को इस बात पर अब भी यकीन नहीं होता है। वह अक्सर ही धर्मेंद्र के साथ उनके फाॅर्महाउस पर वक्त गुजारा करते थे, उनके साथ खाना खाते थे। वह कहते हैं, ‘धरम जी अब नहीं है, मुझे इस बात पर भरोसा नहीं होता है। कई बार सोचता हूं कि शाम को किससे मिलेन जाऊंगा। मेरा ही नहीं, उनके करीबी लोगों का भी यही हाल है। पूरा बॉलीवुड जानता है कि वह एक बेहतरीन इंसान थे। धरम जी ने मुझे तो बहुत प्यार दिया था।’