सफलता पाना मुश्किल है पर उससे ज़्यादा मुश्किल है सफलता बरक़रार रखना। भारत ने अंतरिक्ष में मंगलयान तो भेज दिया पर हर तरह का अंधविश्वास आज भी कायम है। तो भला बॉलीवुड इससे कैसे अछूता रह सकता है?
सलमान हो या आमिर, शाहरुख हों या कैटरीना यह सभी एक अंधविश्वास को अपने सहारे के तौर पर देख रहे हैं। सदी के महानायक अमिताभ भी इससे अछूते नहीं हैं।
इनके अलावा बॉलीवुड में और कौन कौन से सितारे अंधविश्वास पर विश्वास कर बॉलीवुड में अपनी नैया पार लगाने का सपना देख रहे हैं हम आपको बताने जा रहे हैं। इनमें कई नए सितारों का नाम भी शामिल है।
आइए, जानते हैं बॉलीवुड के कुछ जाने माने अभिनेता और अभिनेत्रियों के अंधविश्वास।
तो यह है सलमान के ब्रेसलेट का राज
बॉलीवुड के दबंग खान सलमान ख़ान अपनी फिल्मों में सभी अभिनेत्रियों को गुंडों से बचाते दिखते हैं। पर असल ज़िंदगी में वो अपनी 'सलामती' के लिए फिरोजा ब्रेसलेट पहनते हैं। ये ब्रेसलेट उनके पिता सलीम खान ने उन्हें तोहफ़े में दिया था। सलमान इसे अपना 'रक्षक' मानते हैं।
ज्योतिष अंक पर है शाहरुख का विश्वास
बॉलीवुड के ‘बादशाह खान’ शाहरुख हमेशा कहते हैं कि वो अंधविश्वासी नहीं है, पर वे अंक ज्योतिष पर यक़ीन करते हैं। उनकी अपनी सभी गाड़ियों के नंबर '555' हैं।
अपनी आईपीएल टीम 'कोलकाता नाइट राइडर्स' की हार से परेशान होकर उन्होंने उसकी जर्सी का रंग भी ज्योतिष के कहने पर बदलवाकर बैंगनी करवाया।
आमिर खान करते हैं शुभ-अशुभ पर यकीन
‘सत्यमेव जयते’ जैसे सामाजिक शो करने वाले आमिर ख़ान भी इससे अछूते नहीं रहे हैं। दिसंबर महीने को आमिर बेहद शुभ मानते हैं। इसलिए अपनी हर फ़िल्म अब वो दिसंबर में ही रिलीज करते है।
यही नहीं, आमिर सचिन तेंदुलकर के बहुत बड़े फैन हैं और उनके 200 वें टेस्ट मैच में पांच दिन तक उन्होंने एक ही टी शर्ट पहनी थी, जिसे वो भाग्यशाली मानते हैं।
फिल्म रिलीज से पहले दीपिका, कैटरीना करती हैं यह काम
कैटरीना कैफ ने बॉलीवुड में बतौर अभिनेत्री एक दशक पूरा कर लिया है। अपने अभिनय के अलावा कैटरीना ने हर चीज़ में तारीफें बटोरी हैं। ‘नमस्ते लंदन’ फिल्म के प्रमोशन के दौरान कटरीना अजमेर शरीफ की दरगाह गईं थी, जहां उनके कपड़ों पर बड़ा बवाल हुआ था।
पर फिल्म ने अच्छा बिज़नेस किया था। तब से कटरीना अपनी हर फिल्म की रिलीज़ से पहले अजमेर शरीफ दरगाह जाकर दुआ मांगकर आती है। कैटरीना कैफ की तरह दीपिका भी अपनी फ़िल्म के रिलीज़ से पहले मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर दर्शन करने जरूर जाती है।
जानिए क्यों काला धागा बांधते हैं रणवीर
शाहरुख खान के बाद अगर कोई अभिनेता अपनी ऊर्जा के लिए जाना जाता है तो वो है रणवीर सिंह। हाल ही में रणवीर सिंह फिल्म सेट पर बीमार पड़ने लगे और उन्हें फिल्म सेट्स पर चोटें भी लग जाती थीं। कहा जाता है कि घर के बुज़ुर्ग के कहने पर उन्होंने अपनी सेहत की सलामती के लिए पैर में काला धागा बंधना शुरू किया।
एकता कपूर का अंधविश्वास तो है जग जाहिर
एकता कपूर अपने काम से जुड़े हर मामले में ज्योतिष की राय लेती है फिर चाहे वो शूटिंग की तारीख, शूटिंग की जगह या उनकी उंगली की अंगूठी ही क्यों ना हो।
शिल्पा शेट्टी भी अछूती नहीं
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने माना है कि वे अपनी आईपीएल टीम 'राजस्थान रॉयल्स' के मैच के दौरान दो घड़ियां पहनती हैं, जिससे उनकी टीम को सफलता मिलती है ।
अमिताभ बच्चन भी हैं अंधविश्वासी
अमिताभ क्रिकेट के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने ख़ुद कई बार कहा है कि वो कभी भी भारत का क्रिकेट मैच लाइव नहीं देखते, क्योंकि उनका मानना है कि अगर वो टीवी के सामने बैठ जाते है तो भारत के विकेट गिरने शुरू हो जाते है।
करण जौहर निकल रहे हैं अपने अंधविश्वास से बाहर
एक जमाने में करण जौहर की यह धारणा थी कि उनकी फ़िल्में तभी सफल होंगी जब वो 'क' अक्षर से हो। लेकिन आज करण जौहर कहते हैं, "मैं बचपन में अंधविश्वासी था, अब मुझे ज़िंदगी का ज्ञान है और इन पर विश्वास करना छोड़ दिया है"। पर क्या करण जौहर की तरह दूसरे अभिनेता भी अपने अंधविश्वास से बाहर निकल पाएंगे?