आमिर खान, शाहरुख खान और सलमान खान जैसे कई फिल्मी दिग्गजों की सुरक्षा में कटौती की जा सकती है। मुंबई पुलिस ने फिल्मी सितारों को दी जा रही सुरक्षा की समीक्षा की है।
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने समीक्षा के बाद पुलिस आयुक्त राकेश मारिया के को सितारों की सुरक्षा में कटौती करने की सिफारिश की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कई फिल्मी दिग्गजों की सुरक्षा में कटौती हो सकती है।
खान तिकड़ी समेत फिल्म निर्देशक राजकुमार हिराणी और फिल्म निर्माता विधु विनोद चोपड़ा आदि की सुरक्षा कम की जा सकती है।
अंडरवर्ल्ड से मिलती रही हैं फिल्मी सितारों को धमकियां
बॉलीवुड का अंडरवर्ल्ड से काफी पुराना नाता रहा है। कई बार फिल्मी अभिनेताओं और निर्माताओं को अंडरवर्ल्ड से धमकी भी मिली है। इसको देखते हुए फिल्मी सितारों को सुरक्षा दी जाती रही है।
पिछले साल भी ऐसी खबरें आई थीं कि शाहरुख खान, आमिर खान और फिल्म निर्देशक फराह खान जैसी कई फिल्मी हस्तियां गैंगेस्टर रवि पुजारी के निशाने पर हैं।
अब सवाल ये भी उठ रहा है कि यदि फिल्मी सितारों की सुरक्षा में कमी हो जाती है तो क्या वो अपराधियों का आसान निशाना नहीं बन जाएंगे। सुरक्षा कटौती पर अभी तक किसी डायरेक्टर या अभिनेता का कोई बयान नहीं आया है।
इन अभिनेत्रियों का रहा है अंडरवर्ल्ड से करीबी नाता
अंडरवर्ल्ड से सिर्फ बॉलीवुड को धमकियां ही नहीं मिलती हैं, बल्कि करीबी दोस्ती भी रही है बॉलीवुड और अंडरवर्ल्ड में। सलमान खान रानी मुखर्जी और प्रीति जिंटा अभिनीत 'चोरी चोरी चुपके चुपके' पर आरोप था कि फिल्म में अंडरवर्ल्ड का रुपया लगा है।
अभिनेत्री मोनिका बेदी और मन्दाकिनी के अंडरवर्ल्ड से रिश्ते जगजाहिर रहे हैं। हाजी मस्तान और दाउद इब्राहिम के भी बॉलीवुड से करीबी रिश्ते रहें हैं।
लेकिन सुरक्षा में कमी से उन सितारों को परेशानी हो सकती है जो अंडरवर्ल्ड से दूर ही रहना चाहते हैं।