रुपहले पर्दे की दुनिया यूं तो बड़ी हसीन नजर आती है लेकिन यहां मुकाम बनाना इतना आसान भी नहीं है। यहां काम करने वाले सितारे पहले धूमकेतू की तरह चमकते हैं लेकिन जब चमक नहीं पाते या रौशनी धीमी पड़ जाती है तो ये अवसाद में चले जाते हैं।
साउथ के युवा कलाकार उदय किरण के साथ कुछ ऐसा ही हुआ जिसके चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली। बॉलीवुड में भी कई ऐसे केस हैं जिसमें नाकामी के मारे सितारों ने जिंदगी से हारकर मौत को गले लगा लिया।
उदय किरण ने की आत्महत्या
साउथ के युवा अभिनेता उदय किरण ने मात्र 32 साल की उम्र में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके इस कदम से हर कोई हैरान है। इस अभिनेता की साउथ में शुरुआत शानदार रही थी।
अपनी पहली ही फिल्म के लिए इस कलाकार को फिल्म फेयर अवार्ड से भी नवाजा गया था लेकिन बाद में फिल्में पिटती गईं और ये स्टार डिप्रेशन में चला गया। और बाद में उदय ने बेहद खतरनाक रास्ता चुन मौत को अपने गले लगा लिया।
उदास जिया ने भी चुना मौत का रास्ता
बॉलीवुड की इस बेहद युवा अभिनेत्री ने कैरियर निखरने से पहले ही मौत का रास्ता चुन लिया। जिया खान को मुंबई में उनके फ्लैट से फांसी पर लटका पाया गया। प्रारंभिक जांच में उनकी मौत को आत्महत्या ही पाया गया है।
कारण ये भी बताया गया कि मनचाहा कैरियर न मिलने और फिर प्यार में धोखा खाने के बाद ये अभिनेत्री अपना मानसिक संतुलन नहीं संभाल पाई और आत्महत्या कर बैठी।
हालांकि जिया की मां ने बाद में इसे हत्या का मामला बता दोबारा जांच का अनुरोध किया। मामले की जांच फिलहाल जारी है।
कुनाल सिंह के साथ भी हुआ कुछ ऐसा
लंबे बालों वाले इस हीरो का बॉलीवुड में आगमन दिल ही दिल में फिल्म से हुआ था। जिसमें उनके साथ सोनाली बेंद्रे मुख्य भूमिका में थीं। फिल्म में ए आर रहमान का संगीत था जिसके कुछ गाने लोगों की जुबान पर भी चढ़े।
फिल्म 1999 में रिलीज हुई। लेकिन कुनाल वह पहचान नहीं बना सके जो वह चाहते थे। ये सितारा गुमनामी के अंधेरे में डूबता ही जा रहा था कि फिर अचानक 2008 में खबर आई कि इस युवा सितारे ने डिप्रेशन में आकर आत्महत्या कर ली।