बालीवुड की 'क्वीन' कंगना रनौत एक खास मकसद से दुनिया के सबसे प्राचीन शहर बनारस आ रही हैं। बनारस में वह कुछ ऐसा करने जा रही हैं जिस पर सबकी नजर रहेगी।
आपकी जिज्ञासा को शांत करते हुए बता दें कि कंगना अपनी फिल्म मणिकर्णिका-द क्वीन ऑफ झांसी के सिलसिले में बनारस में आ रही हैं। इस फिल्म में वह रानी लक्ष्मीबाई का किरदार निभा रही हैं।
मुंबई मिरर के मुताबिक कंगना चार मई को वाराणसी के दशाश्वमेध घाट पर फिल्म के 20 फुट लंबे पोस्टर का अनारवरण करेंगी। इसके बाद उनका विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती देखने का कार्यक्रम है।
इस फिल्म का निर्देशन कृष ने किया है और पटकथा लिखी है केवी विजयेंद्र ने। केवी विजयेंद्र बाहुबली और बजरंगी भाईजान की भी कहानी लिख चुके हैं। संवाद और गीत प्रसून जोशी के हैं।
फिल्मकारों ने बनारस को इसलिए चुना है क्योंकि यहीं पर रानी लक्ष्मीबाई का एक मराठी ब्राह्मण परिवार में साल 1828 में जन्म हुआ था।