बॉलीवुड में इस साल कई जोड़ियां शादी के बंधन में बंधी। इनमें से कुछ तो वे थीं जिनकी शादी का इंतजार बॉलीवुड के साथ-साथ उनके प्रशंसक भी लम्बे समय से कर रहे थे। कुछ जोड़ियां अचानक ही चर्चा में आईं और शादी के बंधन में बंध गईं। इसमें सबसे ऊपर नाम विद्या बालन का रहा।
इस साल की सबसे चर्चित शादी सैफ अली खान और करीना कपूर की रही। यह दोनों ही लंबे समय से डेटिंग कर रहे थे। रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की भी शादी भी साल का हॉट टापिक बनीं। इन दोनों अपने फिल्मी कॅरियर की शुरुआत एक ही फिल्म 'तुझे मेरी कसम' से की थी। इसके बाद से ही यह आपस में टच में रहे।
अभिनेत्री विद्या बालन और व्यवसायी सिद्धार्थ राय कपूर साल बीतते बीतते शादी के बंधन में बंध गए। यह आनन फानन की गई शादी थी। शादी के कॉर्ड तक नहीं छपे। मुंबई के एक मंदिर में सुबह के पांच बजे इन दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की।
अभिनेत्री ईशा देओल और व्यवसायी भरत तख्तानी की भी शादी इसी साल हुई। अभिनेत्री लीजा रे और बैंक प्रबंधक जैसन डेहनी, अभिनेता रामचरण तेजा और उपासना कैमिनेनी, गायक मोहित चौहान और पत्रकार प्रार्थना ने भी इसी साल सात फेरे लिए।
फिल्म छोड़ ईशा ने रचाई शादी
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और दिवंगत कांग्रेसी नेता विलास राव देशमुख के छोटे बेटे रितेश ने सात साल से उनकी महिला मित्र रहीं जेनेलिया से तीन फरवरी को शादी रचाई। यह शादी पारम्परिक मराठी रीति-रिवाज के साथ ही एक चर्च में भी सम्पन्न हुई। ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी ने अपनी बेटी ईशा देओल ने अपने पुरुष मित्र भरत तख्तानी के साथ घर बसाने का फैसला कर लिया। इन दोनों ने जुहू स्थित इस्कॉन मंदिर में 29 जुलाई को दक्षिण भारतीय रीति-रिवाज से शादी रचाई। शादी के इस अवसर पर ईशा के बड़े भाई सनी और बॉबी भले नहीं पहुंच पाए हों, लेकिन चचेरे भाई और ईशा के करीबी माने जाने वाले अभय देओल ने उपस्थित हो कर भाई की हर रस्म पूरी की।
लंबे अफेयर के बाद करीना ने रचाई शादी
इस साल की सबसे मशहूर शादी कपूर खानदान की बेटी और मशहूर अभिनेत्री करीना कपूर और पटौदी की विरासत संभाल रहे अभिनेता सैफ अली खान की रही। इनकी शादी का इंतजार उनके प्रशंसक पिछले कई सालों से कर रहे थे। लोगों की अपेक्षाओं के विपरीत इन दोनों ने बेहद सादे समारोह में सैफ के घर में 16 अक्टूबर को रजिस्टर्ड शादी की। हालांकि, एक निजी समारोह में शादी करने के बाद उन्होंने भव्य दावत दी। करीना के पूर्व ब्वॉयफ्रेंड शाहिद कपूर ने उन्हें शादी की मुबारकबाद देते हुए कहा कि मैं दोनों को शादी की मुबारकबाद देता हूं। मुझे उम्मीद है कि दोनों खुश रहेंगे। करीना की जहां यह पहली शादी है, वहीं सैफ की यह दूसरी शादी है। उन्होंने अभिनेत्री अमृता सिंह के साथ अपनी शादी के 14 साल बाद उन्हें तलाक दे दिया था। इन दोनों के दो बच्चे- बेटी सारा और इब्राहिम हैं।
मोहित भी बंधे शादी के बंधन में
कैंसर को मात देकर अभिनय की दुनिया में वापसी करने वाली अभिनेत्री लीजा रे ने लंबे समय से उनके मित्र रहे बैंक प्रबंधक जैसन डेहनी से बेहद सादे समारोह में अक्टूबर महीने में कैलिफोर्निया की नापा वैली में शादी रचाई। लीजा के मुताबिक कैंसर के दौरान मिले अनुभव ने उन्हें शादी के लिए प्रेरित किया। इसी साल फिल्म गायक मोहित चौहान ने अपनी मित्र और दिल्ली की पत्रकार प्रार्थना से एक निजी समारोह में पांच जुलाई को शादी कर ली। दक्षिण के सुपरस्टार चिरंजीवी और फिल्म 'जंजीर' के नए संस्करण में अमिताभ की भूमिका दोहरा रहे राम चरण तेजा ने एक पत्रिका की सम्पादक उपासना कैमीनेनी से हैदराबाद में 14 जून को शादी रचाई।
गुपचुप तरीके से हुई शादी
साल के आखिर में अभिनेत्री विद्या बालन ने यूटीवी के मुख्य प्रबंधन अधिकारी सिद्धार्थ राय कपूर से दक्षिण भारतीय रीति-रिवाज से 14 दिसम्बर को शादी रचाई। शादी के सभी कार्यक्रम बेहद निजी रखे गए थे, जिनमें अभिनेत्री रेखा के अलावा किसी और बॉलीवुड हस्ती ने शिरकत नहीं की। शादी इतनी गोपनीय रखी गई कि शादी के न तो कार्ड छपे और न ही किसी को इस बात का पता था कि शादी कब और कहां होगी। यह शादी एक मंदिर में सुबह के चार बजे हुई। शादी के बाद चेन्नई में दावत दी गई। विद्या की पहली और सिद्घार्थ की तीसरी शादी है।