प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि विक्रम गोखले जी एक रचनात्मक और बहुमुखी अभिनेता थे। अपने लंबे अभिनय करियर में उन्हें कई दिलचस्प भूमिकाओं के लिए याद किया जाएगा। उनके निधन से दुखी हूं। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। शांति।
अनुपम खेर
दिवंगत अभिनेता विक्रम गोखले के निधन अनुपम खेर बेहद दुखी हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर दिल टूटने वाला इमोजी साझा कर दुख जताया है।
अक्षय कुमार
अक्षय कुमार ने अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया, 'विक्रम गोखले जी के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। उनके साथ भूल भुलैया, मिशन मंगल जैसी फिल्मों में काम किया, उनसे बहुत कुछ सीखने को मिला। ॐ शांति 🙏'।
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने भी अभिनेता विक्रम गोखले के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विक्रम गए। विश्वास नहीं हो रहा है। वह कल तक संपर्क में थे। अनेक विषयों पर उनकी दृढ़ राय थी। स्पष्ट संवाद उनकी विशेषता थी। वह हिंदी सिनेमा में एक लोकप्रिय मराठी चेहरा थे। उनका जाना चौंकाने वाला है। ऐसा लग रहा था कि वह मौत को मात देकर वापस आ जाएंगे। मैं इस महान समकालीन नेता को अपना सम्मान देता हूं।
मशहूर फिल्म निर्देशक अनीस बज्मी भी विक्रम गोखले के निधन पर सदमे में हैं। उन्होंने 53वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान एक बातचीत में उन्हें श्रद्धांजलि दी। बज्मी ने कहा, "यह भारतीय सिनेमा के लिए एक दुखद दिन है। वह (विक्रम गोखले) एक शानदार अभिनेता थे। उनके निधन से मुझे बहुत दुख हुआ है। मैंने उनके साथ कई फिल्मों में काम किया है। वह हमारे सीनियर थे ... वह हमेशा अपना अनुभव हमारे साथ साझा करते थे।''