बॉलीवुड अभिनेता ऋषि कपूर ने आईपीएल में पाकिस्तानी क्रिकेटरों को खिलाने की सिफारिश की है। ऋषि ने ट्विटर पर अपनी इच्छा जाहिर करते हुए लिखा कि हमें बड़प्पन दिखाना चाहिए।
उन्होंने ट्वीट किया, 'आईपीएल, अफगानिस्तान ने भी यहां अपना डेब्यू कर लिया है। मेरा आग्रह है कि पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर भी विचार किया जाए। फिर मैच होगा! हम बड़े लोग हैं।'
IPL. You got world players. Afghanistan makes debut. My plea is please consider Pakistani players.Phir match hoga! Hum bade log hain.Please!
— Rishi Kapoor (@chintskap) April 4, 2017
बुधवार को आईपीएल के दसवें सीजन का आगाज हो रहा है। इस सीजन में पहली बार अफगानिस्तान के खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। सनराइजर्स हैदराबद ने अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी और राशिद खान को टीम में शामिल किया है। पाकिस्तान के किसी भी खिलाड़ी को 2008 के बाद से आईपीएल में खेलने का मौका नहीं मिला है। मुंबई में हुए आतंकी हमले के बाद से दोनों देशों में तनाव काफी बढ़ गया था जिसके बाद से किसी भी पाकिस्तानी खिलाड़ी के खेलने के साथ-साथ कलाकारों को भारतीय फिल्मों में काम करने की अनुमति नहीं दी गई थी। जिन चुनिंदा फिल्मों में पाकिस्तानी कलाकारों ने काम किया वो भी विवादों में घिर गईं।
इससे पहले आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान ने भी साल 2010 में आईपीएल में पाक क्रिकेटरों को खिलाए जाने की सिफारिश की थी लेकिन इसके बाद उन्हें लोगों की आलोचना का शिकार होना पड़ा था।