बॉबी देओल ने बॉलीवुड में बतौर हीरो करियर शुरू किया, अपने लिए एक अलग जगह भी बनाई। लेकिन एक वक्त ऐसा आया कि वह फिल्म इंडस्ट्री से गायब हो गए। लेकिन बॉबी ने हार नहीं मानी और फिर से वापसी की है। एक नए अंदाज में वह अब दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं। हाल ही में अपने संघर्ष के दिनों के बारे में अभिनेता बॉबी देओल ने बात की है।
परिवार से मिलता है हौसला
बॉलीवुड हंगामा को दिए गए इंटरव्यू में बॉबी देओल बताते हैं, ‘ मैं आज जो कुछ भी हूं, उसकी वजह पापा (धर्मेंद्र) और मम्मी (प्रकाश कौर) हैं। पापा को मैंने हमेशा जमीन से जुड़ा हुआ पाया, वह हमेशा खुद के प्रति सच्चे बने रहे।’ पिता धर्मेंद्र की इसी बात ने बॉबी देओल को भी जमीन से जुड़े रहना सीखा दिया। साथ ही वह अपनी मां और दादी के योगदान का भी जिक्र करते हैं, उनके कारण भी वह एक बेहतर इंसान बने। इन्हीं बातों ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया।
पत्नी को दिया सफलता का श्रेय
आगे बॉबी देओल बताते हैं कि मुश्किल वक्त में पत्नी तान्या से बहुत साथ दिया। हमेशा बॉबी पर भरोसा दिखाया। उन्हें आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट किया। बॉबी कहते हैं, ‘तान्या ने हमेशा मुझे महसूस कराया कि मैं स्पेशल हूं।’ वह पत्नी को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं, साथ ही अपना सफलता का श्रेय माता-पिता और पत्नी को देते हैं।
बॉबी देओल का करियर फ्रंट
इन दिनों बॉबी देओल हिंदी फिल्मों के अलावा साउथ फिल्मों में भी नजर आ रहे हैं। कुछ समय पहले उनकी एक फिल्म ‘डाकू महाराज’ रिलीज हुई। इसके अलावा वेब सीरीज ‘आश्रम’ का नया सीजन भी आया, इसमें बॉबी देओल ने बाबा निराला का रोल किया है। इस किरदार में दर्शकों ने उन्हें काफी पसंद किया है। इस साल अपकमिंग हिंदी फिल्म ‘अल्फा’ में भी वह नजर आ सकते हैं।