ऐसे हुई ‘बंदर’ में इस गाने की एंट्री
‘बंदर’ में लिया गया गाना ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ दरअसल, 49 साल पुरानी एक बॉलीवुड फिल्म का गाना है। ‘बंदर’ में इस गाने को लेने का आइडिया प्रोड्यूसर निखिल द्विवेदी का था। अमर उजाला से खास बातचीत में निर्माता निखिल द्विवेदी ने ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ गाने को लेकर बात की।
निखिल ने बताया, 'यह गाना एक पुरानी फिल्म का है, जिसके बारे में मैं ज्यादा नहीं बताऊंगा। मैंने ये गाना पहले कहीं सुन रखा था। फिर मैं इसे लेकर अनुराग कश्यप के पास गया।क्योंकि अंत में फैसला उन्हीं को करना है। जब मैंने उन्हें सुनाया तो उन्हें गाना काफी पसंद आया। फिर उन्होंने ये असली गाना पूरा देखा। फिर उन्होंने इसे बॉबी पर कैसे फिल्माया जाना है, ये तय किया। इसके बाद इस गाने को हिट कराने का पूरा क्रेडिट बॉबी को जाता है। जिस तरह से उन्होंने इस गाने को प्रेजेंट किया है, पूरी वॉक से लेकर गिटार पकड़कर परफॉर्म करने तक।'
बॉबी देओल और विदेश फिल्म
- फोटो : सोशल मीडिया
49 साल पुरानी फिल्म ‘विदेश’ का है असली गाना
‘बंदर’ में लिया गया गाना ‘कम ऑन बेबी दिल किसको देगी’ साल 1977 में आई फिल्म ‘विदेश’ का असली गाना है। इस गाने को अजीत सिंह ने गाया है। जबकि इसके बोल गीतकार प्रेम जल्लांदारी ने लिखे हैं और संगीत सपन-जगनमोहन ने दिया है।
अवतार भोगाल द्वारा निर्देशित ‘विदेश’ में महेंद्र संधू, शोमा आनंद और प्रेमकृष्ण मल्होत्रा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए हैं। 49 साल पुरानी फिल्म में लिया गया ये गाना अब साल 2026 में आई ‘बंदर’ फिल्म में लिए जाने के बाद फिर से चर्चाओं में है।
5 जून को रिलीज होगी 'बंदर'
वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल जल्द ही अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित फिल्म 'बंदर' में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी 'समर' नाम के एक ऐसे पॉप स्टार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका करियर खत्म हो चुका है। वह अपनी पुरानी लोकप्रियता को वापस पाने के लिए बेताब है।
कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब एक महिला उस पर रेप का आरोप लगाती है। अब कौन सच बोल रहा है और क्या झूठ है, ये फिल्म देखने पर पता चलेगा। 'बंदर' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें बॉबी देओल के अलावा सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी और सबा आजाद भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।