टेलीविजन के लोकप्रिय रियलिटी शो 'बिग बॉस 19' के विजेता गौरव खन्ना अपने व्लॉग में जीत को लेकर बातचीत करते हुए नजर आ रहे हैं। शो खत्म हुए एक महीने से ज्यादा का वक्त बीत चुका है, लेकिन गौरव को अब तक वह कार नहीं मिली है, जो उन्हें विजेता बनने पर इनाम के तौर पर दी जानी थी। हाल ही में अपने एक व्लॉग के जरिए गौरव ने इस मुद्दे पर हल्के-फुल्के अंदाज में बात की। गौरव ने क्या कुछ कहा, चलिए जानते हैं।
गौरव खन्ना के साथ नजर आए प्रणित मोरे
गौरव खन्ना ने यह खुलासा अपने यूट्यूब चैनल पर डाले गए व्लॉग में किया, जिसमें उनके साथ 'बिग बॉस 19' के को-कंटेस्टेंट प्रणित मोरे भी नजर आए। दोनों शो के अनुभवों को याद करते हुए डिनर पर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान गौरव ने मजाकिया लहजे में कहा कि वह अब भी हाथों से खाना खा रहे हैं, जैसे उन्होंने घर के अंदर सीखा था, जबकि प्रणित चम्मच का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी बातचीत के बीच कार का मुद्दा भी सामने आ गया।
यह खबर भी पढ़ें: धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा में क्यों नहीं गईं हेमा मालिनी? देओल परिवार के साथ मतभेद को लेकर कही ये बात
गौरव बोले- अब तक नहीं मिली जीती हुई कार
जब प्रणित ने हंसी-मजाक में गौरव से कहा कि अपनी जीती हुई कार भी उन्हें दे दें, तो इस पर गौरव ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि उन्हें खुद अभी तक वह कार नहीं मिली है। यह सुनकर फैंस चौंक गए, क्योंकि शो के ग्रैंड फिनाले में साफ तौर पर बताया गया था कि विजेता को नकद इनाम के साथ एक लग्जरी कार भी मिलेगी।
गौरव ने मेकर्स को दिलाया हाथ
गौरव खन्ना ने न सिर्फ व्लॉग में यह बात कही, बल्कि उन्होंने फैंस के एक कमेंट को भी पसंद किया, जिसमें कहा गया था कि ऐसा लग रहा है मानो यह व्लॉग खास तौर पर बिग बॉस के मेकर्स को याद दिलाने के लिए बनाया गया हो। इस छोटे से कदम ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी और फैंस सवाल उठाने लगे कि आखिर विजेता को इनाम मिलने में इतनी देरी क्यों हो रही है।
फिनाले में गौरव बने थे विजेता
गौरतलब है कि सलमान खान द्वारा होस्ट किया गया बिग बॉस 19 7 दिसंबर 2025 को अपने ग्रैंड फिनाले के साथ खत्म हुआ था। इस सीजन की थीम थी इस बार चलेगी घरवालों की सरकार, जिसमें खेल को संसद जैसी संरचना दी गई थी। कड़े मुकाबले के बाद गौरव खन्ना ने ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि फरहाना भट्ट उपविजेता रहीं। प्रणित मोरे भी फाइनल की रेस में आखिरी तक बने रहे और दूसरे रनर-अप रहे।